MP स्कूल मंडल ने 10वीं-12वीं की डेटशीट की जारी, सीएम शिवराज ने छात्रों को दिया ये संदेश

11/24/2021 1:44:50 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने डेटशीट जारी कर दी है। 10वीं की वार्षिक परीक्षा 18 फरवरी 2022 से और कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा 17 फरवरी 2022 से आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सूचना जारी करते हुए बताया है कि सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से 1 बजे के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षा केंद्र पर सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में सुबह 8:30 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष में 9:45 बजे के बाद किसी भी छात्रों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।



माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2022 की कक्षा 10वीं, 12वीं, 12वीं व्यावसायिक पाठ्यक्रम परीक्षा/ शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण, विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डी.पी.एस.ई.) के परीक्षा कार्यक्रम घोषित किए हैं। कक्षा 10वीं और 12वीं के नियमित छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं उनके विद्यालय में 12 फरवरी से 25 मार्च 2022 के बीच और स्वाध्यायी छात्रों की उन्हें आवंटित परीक्षा केंद्र पर 17 फरवरी से 20 मार्च 2022 के बीच संचालित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम मंडल की वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर भी देखे जा सकते हैं। इसी तरह शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा के प्रथम वर्ष की परीक्षा 18 फरवरी से और द्वितीय वर्ष की 19 फरवरी से तथा विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डी.पी.एस.ई.) के प्रथम वर्ष की परीक्षा 18 फरवरी 2022 से और द्वितीय वर्ष की परीक्षा 19 फरवरी 2022 से आयोजित की जाएगी।

सीएम शिवराज ने दिया छात्रों को संदेश
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा का कार्यक्रम घोषित हो गया है। परीक्षाओं से ही चुनौतियों का सामने करने का गुण विकसित होता है। चुनौतियों से ही विजय मिलती है। इसलिए आज से ही जुट जाओं पूरी सामर्थ्य के साथ तैयारी करो। सफलता आपके कदम चूमेंगी। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News