सिंधिया के गढ़ में नपा अध्यक्ष के बगावती तेवर! इस्तीफे की धमकी से सियासी भूचाल
Monday, Oct 05, 2026-07:18 PM (IST)
गुना (मिस्बाह नूर) : गुना जिले की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट देखी जा रही है। सत्तारूढ़ दल की ही नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक सनसनीखेज और तीन पन्नों का विस्तृत पत्र लिखा है। इस पत्र की प्रतियां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई हैं, जिससे यह मामला प्रशासनिक शिकायत से बढ़कर पार्टी संगठन के भीतर का एक बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है।

पत्र में अध्यक्ष ने पिछले 16 महीनों के दौरान शहर की बिगड़ी व्यवस्थाओं, विकास कार्यों में आ रही अड़चनों और मुख्य नगर पालिका अधिकारी की कार्यप्रणाली पर बेहद गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पिछले हालातों की तुलना करते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद तक शहर में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सड़कों की व्यवस्था काफी पटरी पर थी, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर हुए बदलावों के बाद व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद महत्वपूर्ण विकास कार्यों को बेवजह निरस्त करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
पत्र के तीसरे और सबसे संवेदनशील हिस्से में अध्यक्ष ने अपनी पीड़ा खुलकर व्यक्त करते हुए सवाल उठाया कि क्या महिला जनप्रतिनिधि होना कोई अपराध है? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी अपनी नाकामी छिपाने के लिए उन पर ठीकरा फोड़ रहे हैं, जबकि संकट के इस दौर में पार्टी संगठन ने उन्हें अकेला छोड़ दिया है।

सबसे बड़ी और चौंकाने वाली बात यह है कि सविता गुप्ता ने पत्र में स्पष्ट कर दिया है कि यदि संगठन और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस तरफ समय रहते ध्यान नहीं दिया, तो नौबत यहां तक आ सकती है कि उन्हें अपने पद से इस्तीफा देकर घर बैठना पड़े। इस तीखी चिट्ठी ने गुना नगर पालिका की कार्यप्रणाली और स्थानीय राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।

