नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या मामला, न्याय के लिए धरने पर बैठे पूर्व CM शिवराज

12/9/2019 4:04:31 PM

भोपाल (इजहार हसन खान): मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सोमवार को राजधानी की मनुआभान टेकरी पर आठ महीने पहले 12 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद पत्थरों से कुचलकर हत्या के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे। धरना स्थल रोशनपुरा चौराहे पर स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंची। ये सभी पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलवाने की मांग कर रहे हैं।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे हैवानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। दुष्टता का बर्ताव करने वाले इन लोगों को जिंदा रहने का हक नहीं। आखिर कब तक बेटियां दरिंदगी की शिकार होती रहेंगीं। कोर्ट से भी निवेदन है कि दुष्कर्म के मामलों में त्वरित एवं कठोर सजा दी जाए। हैदराबाद गैंगरेप के आरोपितों के एनकांउटर की तर्ज पर भोपाल में भी दुष्कर्म की शिकार बच्ची को न्याय दिलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।

वहीं इस मामले में अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भोपाल में बेटी बचाओ अभियान समिति ने यह धरना प्रदर्शन आयोजित किया है। इस मामले में कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिनके शासनकाल में प्रदेश महिलाओं पर अपराध के मामले में देश में सबसे ऊपर था, वो ही आज महिलाओं की सुरक्षा के लिए धरना दे रहे हैं। धरना स्थल पर बीजेपी नेताओं और स्थानीय लोगों का पहुंचना जारी है।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh