Punjab Kesari MP ads

साल में सिर्फ एक बार खुलता है नागचंद्रेश्वर मंदिर, नागपंचमी पर 24 घंटे बरसेगी आस्था, महाकाल नगरी में उमड़ेगा सैलाब

Sunday, Aug 16, 2026-02:37 PM (IST)

उज्जैन (विशाल ठाकुर): मध्य प्रदेश के उज्जैन में नागपंचमी के अवसर पर आस्था का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। 17 अगस्त को सावन का तीसरा सोमवार और नागपंचमी एक साथ होने से श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी अवसर पर महाकाल मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट 16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 17 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक 24 घंटे के लिए खोले जाएंगे।

PunjabKesariपट खुलने से पहले रात करीब 11:30 बजे प्रथम पूजन की प्रक्रिया शुरू होगी। मध्यरात्रि 12 बजे श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज भगवान नागचंद्रेश्वर का पूजन-अभिषेक करेंगे। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे। नागपंचमी पर भगवान नागचंद्रेश्वर की तीन विशेष पूजाएं होंगी। पहली पूजा मध्यरात्रि में, दूसरी 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे और तीसरी पूजा शाम को महाकाल की संध्या आरती के बाद की जाएगी।

नागचंद्रेश्वर मंदिर में सामान्य दर्शन के लिए प्रवेश कर्कराज पार्किंग से होगा, जबकि शीघ्र दर्शन की व्यवस्था हरसिद्धि पाल की ओर से रहेगी। महाकालेश्वर भगवान के सामान्य दर्शन के लिए त्रिवेणी संग्रहालय स्थित प्रवेश द्वार और शीघ्र दर्शन के लिए नीलकंठ द्वार निर्धारित किया गया है। मान्यता है कि नागचंद्रेश्वर की दुर्लभ प्रतिमा में भगवान शिव और माता पार्वती नाग के फन पर विराजमान हैं। यह मंदिर साल में केवल नागपंचमी के दिन ही श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News