दतिया हार के बाद झुके नरेंद्र सिंह तोमर! कुशवाहा समाज से मांगी माफी, अपने शब्द वापस लेता हूं''
Wednesday, Aug 05, 2026-12:40 PM (IST)
भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है। अब मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कुशवाहा समाज के नाम एक पत्र जारी कर अपने कथित बयान पर खेद व्यक्त किया है। तोमर ने पत्र में लिखा कि वे भाजपा अध्यक्ष कमलेश कुशवाह के घर एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे, जहां आपसी बातचीत के दौरान कुछ बातें हुईं। उन्होंने कहा कि उनका जीवनभर कुशवाहा समाज से आत्मीय संबंध रहा है और वे इस समाज का हमेशा सम्मान करते रहे हैं। यदि उनके किसी शब्द से समाज के किसी व्यक्ति की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे अपने शब्द वापस लेते हैं और इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
क्या था पूरा विवाद?
दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान नरेंद्र सिंह तोमर का एक कथित बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कुशवाहा समाज को लेकर कहा था कि आप लोग गुलाटी मारते हैं। इस बयान को समाज ने अपनी प्रतिष्ठा पर टिप्पणी माना, जिसके बाद कई स्थानों पर विरोध शुरू हो गया और भाजपा के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।
12% से अधिक वोट, इसलिए अहम है कुशवाहा समाज
दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुशवाहा समाज का वोट प्रतिशत 12% से अधिक माना जाता है। कृषि से जुड़े इस समाज का चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण प्रभाव है और इसे जीत-हार तय करने वाला वर्ग माना जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उपचुनाव में इस वर्ग की नाराजगी भी भाजपा की हार के कारणों में शामिल रही।
सियासी मायने
उपचुनाव में हार के बाद भाजपा लगातार समीक्षा कर रही है। ऐसे समय में नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा सार्वजनिक रूप से खेद जताने को नुकसान की भरपाई की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब यह देखना होगा कि यह माफीनामा कुशवाहा समाज की नाराजगी को कितना कम कर पाता है और आने वाले चुनावों पर इसका क्या असर पड़ता है।

