कांग्रेस की पहली सूची जारी न होने पर नरेंद्र तोमर ने कसा तंज, कहा- कई जगह पर प्रत्याशी नहीं मिल रहे
Thursday, Sep 14, 2023-05:49 PM (IST)

उमरिया : मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। भाजपा अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुकी है। लेकिन कांग्रेस ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले है। इसे लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कई जगहों पर प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए ऐसा करती है।
भाजपा की सूची जारी करने के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली लिस्ट की सबको इंतजार था लेकिन कांग्रेस ने अभी तक सूची जारी नहीं की है। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों के नाम घोषित करने को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदल दी है। बताया जा रहा इसके पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं। इनमें संसद के विशेष सत्र और ED-IT की छापेमारी समेत कुछ और भी वजह बताई जा रही हैं।
कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी न करने को लेकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने तंज कसा है। वे उमरिया जिले की मानपुर विधानसभा में जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए ऐसा काम करती है। बीजेपी की सरकार है इसलिए देश में कानून का राज है। उन्होंने कहा कि देश की सारी एजेंसिया स्वतंत्र रूप से काम करती है। जो ईमानदारी से जीवन जी रहा है, जो ईमानदारी से पैसा कमा रहे है उसे ED और CBI का डर क्यों होना चाहिए। कांग्रेस मुद्दा विहीन है, उसमें दम बचा ही नहीं है। लिस्ट देर से जारी होने की सबसे बड़ी वजह है कि कांग्रेस को कई जगह तो कैंडिडेट नहीं मिल रहे है।