Punjab Kesari MP ads

उपचुनाव के बाद नरोत्तम मिश्रा के बेटे का बड़ा बयान-संगठन महत्वपूर्ण है न कि व्यक्ति पूजा

Friday, Jul 31, 2026-04:24 PM (IST)

(अंकुर जैन): दतिया में उपचुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी है और प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद है। 3 अगस्त को नतीजें आएंगे और विजेता का फैसला होगा। इसी बीच पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के बेटे सुकर्ण मिश्रा का एक बयान वायरल हो रहा है।

संगठन महत्वपूर्ण होता है न कि व्यक्ति पूजा-सुकर्ण मिश्रा

नरोत्तम के बेटे ने कहा है कि संगठन महत्वपूर्ण होता है न कि व्यक्ति पूजा, व्यक्ति विकास नहीं कर सकता है , BJP सरकार विकास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में विकास रुकने वाला नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने टिकट कटने वाले सवाल पर कहा कि ये प्रक्रिया सतत चलने वाली होती है, कभी किसी को टिकट मिलता है कभी दूसरे को। लक्ष्य साधना जरुरी होता है। हमे टिकट कटने की कोई नाराजगी नहीं है। मेरे पिताजी लगातार इलाके में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दतिया में भाजपा भारी मतों से जीतने वाली और आशुतोष तिवारी जीत का सेहरा बांधेंगे।

आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जबकि स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। खास बात यह है कि कैमरों की लाइव फीड स्ट्रांग रूम के बाहर भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि हर गतिविधि पर नजर रख सकें और पारदर्शिता बनी रहे।

हालांकि सुरक्षा के इन व्यापक इंतजामों के बावजूद कांग्रेस ने किसी भी तरह की आशंका से बचने के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर अपना स्थायी निगरानी शिविर स्थापित कर दिया है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और नेताओं की तीन अलग-अलग शिफ्टों में ड्यूटी लगाई है, जो दिन-रात परिसर के बाहर मौजूद रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में जनादेश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मतगणना तक सतर्क रहना जरूरी है।

दतिया विधानसभा क्षेत्र में इस बार मतदान को लेकर मतदाताओं में अच्छा उत्साह देखने को मिला। कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाताओं में से 71.44 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। लिहाजा अब इंतजार 3 अगस्त का हो रहा है जब नतीजे आएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News