पंचतत्व में विलीन हुए नौसेना के जवान मनोज वर्मा, अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब

12/31/2021 6:48:58 PM

शाजापुर: विशाखापट्टनम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले नौसेना के जवान मनोज वर्मा का अंतिम संस्कार आज उनके गृहगांव अरनिया कलां में नम आंखों से किया। उनकी अंतिम शव यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। गांव के श्मशानघाट पर नेवी प्रोटोकॉल और हिंदू रिवाजों के साथ संस्कार किया गया। मनोज वर्मा के छोटे भाई ने मुखाग्नि दी।



जवान मनोज वर्मा का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह भोपाल से गृह ग्राम अरनिया कलां लाया गया। फूलों से सजे वाहन को देखते ही लोग मनोज का अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर फूलों की बारिश की और नम आंखों से विदाई दी। जहां जहां से वाहनों का काफिला गुजरा लोगों ने देशभक्ति के नारों और गानों से मनोज का स्वागत किया। गांव पहुंचने पर मनोज वर्मा का पार्थिव शरीर उनके घर ले जाया गया, जहां रीति-रिवाज पूरे करने के साथ परिवार के लोगों ने श्रद्धांजलि दी।



अंतिम संस्कार में शामिल हुए स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने मनोज वर्मा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र के लिए अपने प्राणों की आहुति देता है। वह कभी मरता नहीं है। हमारे समाज में, हमारे देश में वह सदैव जिंदा रहता है। इस दौरान कालापीपल विधायक कुणाल चौधरी, देवास शाजापुर लोकसभा क्षेत्र सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक बाबूलाल वर्मा आदि के साथ हजारों लोग शामिल हुए।

meena

This news is Content Writer meena