नहीं थम रहा नाराजगी का सिलसिला, अब एक और नेता ने छोड़ा BJP का साथ

4/19/2019 3:51:50 PM

शहडोल: राजनीतिक दलों में नाराजगी के चलते कुछ नेता दल बदल रहे हैं तो कुछ इस्तीफा देकर पार्टी को झटके दे रहे हैं। अब एक और बड़ा झटका बीजेपी को शहडोल में लगा है, जहां लगातार इस्तीफों का दौर चल रहा है। अब पूर्व विधायक छोटेलाल सरावगी ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस्तीफा देने का ऐलान किया। छोटे लाल ने बताया कि उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को अपना इस्तीफा भेजा है। इससे पहले भाजपा जिला पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा तिवारी ने भी भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। यह लगातार दूसरा बड़ा झटका बीजेपी को लगा है। सरावगी सुहागपुर सीट से विधायक रहे हैं।




बता दें कि, लोकसभा चुनाव को महज कुछ ही दिन शेष बचे हैं, बीजेपी जोर शोर से तैयारियों में जुटी हुई हैं, वहीं विधायक छोटे लाल की नाराजगी पार्टी के चुनावी समीकरण ध्वस्त कर रही है। उनके कांग्रेस में जाने की अटकलें हैं। उन्होंने बताया कि वे लम्बे समय से पार्टी में अपनी उपेक्षा से नाराज चल रहे थे। उनका आरोप है कि पार्टी को सिर्फ चुनाव के समय हमारी याद आती है, चुनाव में हमारा इस्तेमाल किया जाता है।सरावगी ने कहा कि सन 1985 में भाजपा के शीर्ष नेता स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के आगमन अवसर पर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली थी। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवार की जो भावना पहले थी वह अब कहीं देखने को नहीं मिलती है इसीलिए उन्होंने पार्टी से नाता तोड़ लिया है। भविष्य में वह किसी पार्टी में शामिल होंगे या नहीं इस संबंध में उन्होंने सोच विचार कर निर्णय लेने की बात कही। लिहाजा उनके इस्तीफे ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है। 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR