कांग्रेस में कुछ भी ठीक नहीं!, कैबिनेट मंत्री ने सोनिया गांधी को पत्र लिख दिग्विजय पर लगाए गंभीर आर

9/2/2019 7:13:41 PM

भोपाल (इजहार हसन खान): मध्यप्रदेश में 15 वर्षों के बाद सत्ता में आई कमलनाथ सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। नए प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए लगातार खींचतान चल रही है। वहीं मध्यप्रदेश के वन मंत्री उमंग सिंगार ने भी अब दिग्विजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सिंगार ने सोनिया गांधी को पत्र लिखते हुए दिग्विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंगार ने लिखा है कि दिग्विजय सिंह खुद को मध्यप्रदेश में पावर सेंटर के रूप में स्थापित करने में जुटे हुए हैं।  




क्या लिखा है पत्र में ?
मंत्री उमंग सिंगार ने अपने पत्र में लिखा है कि ‘बड़े ही दुख के साथ आपको यह अवगत कराना पड़ रहा है, कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार को पार्टी के ही कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह अस्थिर कर स्वंय को मध्य प्रदेश में पॉवर सेंटर के रूप में स्थापित करने में जुटे हुए हैं। वह लगातार मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों को पत्र लिखकर और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर रहें हैं। ये पत्र मजबूत विपक्षी दलों के लिए मुद्दे बन जाते हैं। दिग्विजय सिंह के पत्र को लेकर विपक्ष आए दिन मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार को घेरने के असफल प्रयास में लगा रहता है।’



सिंगार ने आगे लिखा है कि, ‘आपको यह भी अवगत कराना उचित होगा कि व्यापम घोटाला, ई-टेंडरिंग घोटाला एवं वृक्षारोपण घोटालों को लेकर दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखे। लेकिन वे सिंहस्थ घोटाले को लेकर किंकर्तव्यविमूढ़ हो जाते हैं, क्यों? दरअसल सिंहस्थ घोटाले से संबंधित विभाग दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह के पास हैं। उनके पुत्र और प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक के सिंहस्थ घोटाले से संबंधित सवाल के उत्तर में कहा कि सिंहस्थ घोटाला नहीं हुआ। जबकि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने सिंहस्थ घोटाले को बड़ा मुद्दा बनाया था।




क्या है पूरा मामला ?
बता दें की शुक्रवार को दिग्विजय सिंह ने सभी मंत्रियों को एक पत्र लिखा और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। इस पत्र के जरिए दिग्गी सुर्खियों में भी आ गए और राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छिड़ गई कि क्या कमलनाथ सरकार को पर्दे के पीछे से दिग्विजय सिंह चला रहे हैं विपक्ष की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव भी कमलनाथ सरकार पर ये आरोप लगाते रहे हैं कि दिग्विजय सिंह प्रदेश की सरकार चला रहे हैं ना कि कमलनाथ। वहीं अब कांग्रेस के ही मंत्री का ये वायरल हो रहा पत्र बीजेपी के आऱोपों को बल देने के लिए काफी है।  

Vikas kumar

This news is Vikas kumar