NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय पर 29 लाख से अधिक की ठगी का आरोप, भाजपा ने साधा निशाना
Monday, Sep 07, 2026-07:20 PM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय पर पुरानी बस्ती निवासी राजू सोनकर ने 29 लाख रुपए से अधिक की ठगी का आरोप लगाया है। राजू सोनकर का आरोप है कि अलग-अलग काम दिलाने का भरोसा देकर उससे कई बार रकम ली गई लेकिन बताए गए काम पूरे नहीं किए गए और रकम भी वापस नहीं की गई। मामले में पांडेय ने आरोपों को गलत बताया है। राजू सोनकर ने मामले की शिकायत थाने के अलावा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और रायपुर आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला से की है और सख्त कारर्वाई की मांग की है।
मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सिप्ला कंपनी की एजेंसी/डीलरशिप, डीकेएस अस्पताल में नौकरी, कैंटीन का ठेका और रेत खदान दिलाने जैसे अलग-अलग कामों का भरोसा देकर रकम ली गई। राजू सोनकर का दावा है कि उसकी पत्नी को मंत्रालय में नौकरी दिलाने का भी भरोसा दिया गया था। राजू सोनकर ने अपनी शिकायत में पांडेय के साथ उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय का नाम भी शामिल किया है। उसने पुलिस को दिए आवेदन में अलग-अलग भुगतान और बैंक ट्रांजेक्शन का भी जिक्र किया है।
राजू सोनकर का कहना है कि रकम देने के बावजूद बताए गए काम पूरे नहीं हुए। इसके बाद उसने संबंधित लोगों से पैसे वापस मांगे लेकिन रकम वापस नहीं मिली। पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। उसने आवेदन में कहा है कि अगर उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए पांडेय, उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय जिम्मेदार होंगे। दूसरी ओर, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष पांडेय ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल मामला शिकायत और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
मामले को लेकर कुरुद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा, 'एनएसयूआई की आपराधिक शौर्य की कहानियां बीच-बीच में आती रहती हैं। उसी कहानी में से एक कहानी यह भी है। कारर्वाई हो जाएगी तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोलेंगे कि चुन-चुनकर कारर्वाई हो रही है। सारे अपराधी इकट्ठा कर शासन पर आरोप लगाते हैं।' भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा, 'कांग्रेस की सरकार तो चली गई लेकिन कांग्रेसियों की भ्रष्टाचार करने और दो नंबर की कमाई करने की आदत नहीं गई। भूपेश सरकार जैसी चली वैसा ही काम युवा नेताओं ने सीखा। कांग्रेस के सीनियर नेता हो या जूनियर सबको भ्रष्टाचार से प्यार है।' मामले में अभी शिकायत के आधार पर आरोप लगाए गए हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

