तबीयत बिगड़ी तो..जादू टोने के शक में बुजुर्ग की कर दी निर्मम हत्या...मौके से फरार
Wednesday, Apr 30, 2025-03:52 PM (IST)

पन्ना (टाइगर खान) : पन्ना जिले के रानीगंज पुरवा गांव में आज एक सनसनीखेज घटना सामने आई। जहां 60 वर्षीय एक वृद्ध की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, हत्या का कारण जादू टोने के शक को बताया जा रहा है। मृतक की पहचान गांव के ही मिही लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों को मिही लाल पर जादू टोना करने का संदेह था, जिसके चलते उनका कई बार विवाद भी हुआ था। वही आज सुबह, जब मृतक अपने घर सब्जी लेकर जा रहा था तो हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। वही घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप के हालात बने हुए हैं।
वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों ने बताया कि आरोपियों को शक था कि मृतक के द्वारा उनके किसी परिजन पर जादू-टोना किया गया है जिसके चलते उसकी तबियत खराब रहती है और इसी शक के चलते वृद्ध की हत्या की गई है। हालांकि मामला पुलिस विवेचना उपरांत ही स्पष्ट हो पायेगा।