PM आवास योजना घोटाला उजागर! पूर्व CMO सहित दो पर FIR
Thursday, Mar 26, 2026-06:14 PM (IST)
डबरा (भरत रावत) : डबरा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW ने प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी के मामले में नगर पालिका के पूर्व सीएमओ प्रदीप भदौरिया और कर्मचारी राहुल गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई विपक्ष के पार्षद धर्मेंद्र ‘हैप्पी’ सरदार की शिकायत के बाद हुई है। जांच में सामने आया है कि हितग्राहियों को तय राशि से अधिक भुगतान किया गया और बिना जियो टैगिंग के ही पैसे जारी कर दिए गए, जिससे शासन को करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका में हड़कंप मचा हुआ है।

पार्षद धर्मेंद्र ‘हैप्पी’ सरदार ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि पीएम आवास योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बिना जियो टैगिंग और बिना नोटशीट प्रक्रिया के ही हितग्राहियों के खातों में राशि ट्रांसफर कर दी गई।
उनके मुताबिक, जहां शासन द्वारा प्रति हितग्राही 2 लाख 50 हजार रुपये देने का प्रावधान है, वहीं अवैध तरीके से 3 लाख रुपये तक की राशि डाली गई। ईओडब्ल्यू की जांच में करीब 74 से 75 ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें नियमों की अनदेखी कर भुगतान किया गया। कुल घोटाले की राशि करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये आंकी गई है। पार्षद ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी जीत बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है और आगे भी ऐसे मामलों को उजागर किया जाएगा।

