शिवराज ने कहा, 'भगवान कृष्‍ण व अर्जुन के समान हैं PM मोदी और शाह'

8/19/2019 12:45:52 PM

भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह की तुलना भगवान कृष्‍ण और अर्जुन से कर दी है। शिवराज सिंह ने उनकी तुलना जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने को लेकर की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी व गृहमंत्री अमित शाह कृष्‍ण और अर्जुन की तरह देश के रथ को प्रगति पथ पर ले जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए उन्हें रणछोड़ दास गांधी करार दिया। शिवराज ने कहा कि राहुल ने उस समय पार्टी को छोड़ा जब वह सबसे मुश्किल दौर में है।



देश विकास कर रहा है

शिवराज ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। वे कृष्‍ण और अर्जुन की तरह देश को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 के ऐतिहासिक फैसले पर कांग्रेस के नेता अलग अलग बयान दे रहे हैं जबकि वहीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मामले पर चुप्पी साध ली है। वे कंन्फ्यूज हैं कि केंद्र के इस फैसले पर क्या कहा जाए।



राहुल गांधी से कोई उम्मीद नहीं
शिवराज ने कहा कि जम्मू कश्मीर मामले पर अभी तक राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने कुछ भी नहीं कहा है। ऐसे में मैं खुद सोनिया गांधी से मांग करता हूं कि वे अपनी प्रतिक्रिया दें। हालांकि उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से किसी भी प्रकार के बयान की उम्मीद नहीं करते हैं। वहीं सोनिया गांधी द्वारा कांग्रेस की बागडोर एक बार फिर संभालने की बात पर चौहान ने कहा कि पार्टी यह सुनिश्‍चित करने पर जुटी है कि कांग्रेस पर एक ही परिवार का एकाधिकार रहे।



नेहरू के कारण पीओके
शिवराज ने इस दौरान पं‌डित जवाहर लाल नेहरू पर आरोप लगाया कि पीओके के लिए पूरी तरह से वे जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि जब भारतीय सेना पाकिस्तानी बलों को धकेल रही थी तब नेहरू ने एकरतफा संघर्ष विराम का ऐलान कर दिया और पीआके उनके कब्जे में रह गया, नहीं तो वह भारत का हिस्सा बन चुका होता।

meena

This news is Edited By meena