बिरसा मुंडा की जयंती पर खंडवा पहुंचेंगे PM मोदी, कांग्रेस बोली- BJP फिजूल खर्ची कर रही है

11/13/2021 2:27:55 PM

खंडवा (निशात सिद्दीकी): 15 नवंबर को मध्यप्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर एक भव्य कार्यक्रम भोपाल में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे। बिरसा मुंडा जयंती पर होने वाले आयोजन पर अब सियासत भी गरमाने लगी है। कांग्रेस जहां इसे फिजूलखर्ची बता रही है तो वहीं बीजेपी कांग्रेस से ही सवाल पूछती नजर आ रही है, कि उन्होंने आदिवासियों के विकास के लिए क्या कार्य किया।

 

जननायक बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के वह नेता हैं। जिन्हें प्रत्येक आदिवासी सम्मानित नजरों से देखता है। आदिवासी उन्हें अपना भगवान भी मानते है। बिरसा मुंडा ने अंग्रेजो के खिलाफ आंदोलन कर न सिर्फ आदिवासी समाज बल्कि भारतीयों का भी मान बढ़ाया। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती पर हबीबगंज रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करने जा रही है। इस सिलसिले में एक विशाल आदिवासी सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है। जिसमें लगभग 5 लाख आदिवासी शामिल होंगे। अकेले खंडवा से 125 बसों के माध्यम से 5 हजार आदिवासी लोगों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए शासन अपने खर्चे से भोपाल ले जा रहा है जिसकी संपूर्ण तैयारी कर ली गई है।

इधर बिरसा मुंडा जयंती पर अब सियासत भी गर्म होने लगी है। कांग्रेस इस पूरे आयोजन को फिजूलखर्ची बता रही है। खंडवा के आदिवासी बहुल पंधाना की कांग्रेस नेता रूपाली बारे में कहा कि भाजपाई पहले ही कह चुके हैं कि ब्राह्मण बनिए उनकी जेब में है अब वह आदिवासियों को भी साधने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन आदिवासी उनके झांसे में नहीं आएंगे। वह अपने क्षेत्रों में ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती बनाएंगे। उन्होंने आरोप लगाए कि भाजपा सरकार ने आदिवासियों के सारे अधिकार खत्म कर दिए। ना उन्हें पट्टे भी नहीं दिया जा रहा है ना ही रोजगार।

बीजेपी कांग्रेस की सारी बातों को नकारते हुए उन्हीं से सवाल कर रही है कि कांग्रेस पहले खुद बताए उन्होंने आदिवासियों के लिए क्या कुछ किया। आज जब प्रधानमंत्री आदिवासियों को एकजुट करने के लिए आयोजन कर रहे हैं तो कांग्रेस जबरन सवाल खड़े कर रही है। पंधाना विधायक राम दंगोरे से कांग्रेस से सवाल किया कि कांग्रेसी तब कहां थे जब कमलनाथ ने जैकलीन को बोलवा कर फिल्म फेयर अवार्ड करवाया था।

Vikas Tiwari

This news is Content Writer Vikas Tiwari