MP में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और मंडल महामंत्री भी गिरफ्तार
Friday, Nov 13, 2026-03:31 PM (IST)
पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना में जुए के एक ठिकाने पर पुलिस की छापेमारी के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। शहर के धाम मोहल्ले में चल रहे जुए के फड़ पर कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अल्पेश शर्मा और पूर्व नगर भाजपा मंडल महामंत्री विजय तिवारी के नाम भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 83 हजार 500 रुपए नकद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं।
दरअसल, गुरुवार को कोतवाली पुलिस की टीम शहर में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि धाम मोहल्ले के एक मकान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध मकान की घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम ने जब मकान के अंदर प्रवेश किया तो दूसरी मंजिल पर कुछ लोग जुए के खेल में व्यस्त मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी और पूछताछ की। इस दौरान उनके पास से नकदी बरामद हुई। पुलिस ने पूरी रकम जब्त करते हुए सभी छह आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की।
भाजपा के दो पूर्व पदाधिकारियों के नाम आए सामने
इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लोगों में अल्पेश शर्मा (48), निवासी धाम मोहल्ला और विजय तिवारी (47), निवासी बड़ा बाजार शामिल हैं। अल्पेश शर्मा भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि विजय तिवारी पूर्व में नगर भाजपा मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इनके अलावा मोहित शर्मा (35), निवासी पुराना पन्ना, लोकेश शर्मा (44), मनोज शर्मा (53) और नितेश शर्मा (33), निवासी धाम मोहल्ला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
किसके पास से कितनी रकम मिली?
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से अलग-अलग रकम बरामद हुई। विजय तिवारी के पास से 5,500 रुपए और फड़ से 3,000 रुपए मिले। मोहित शर्मा के पास से 3,500 रुपए तथा फड़ से 4,500 रुपए बरामद किए गए।
इसी तरह लोकेश शर्मा के पास से 4,000 रुपए और फड़ से 3,000 रुपए, मनोज शर्मा के पास से 12,000 रुपए और फड़ से 9,000 रुपए जब्त किए गए। नितेश शर्मा के पास से 8,000 रुपए और फड़ से 4,000 रुपए मिले। वहीं अल्पेश शर्मा के पास से 15,000 रुपए तथा फड़ से 12,000 रुपए बरामद हुए। इस पूरी कार्रवाई में जब्त की गई नकदी का आंकड़ा 83,500 रुपए बताया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 52 ताश के पत्ते भी अपने कब्जे में ले लिए।
कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा तेज
पन्ना में जुए के फड़ पर हुई इस पुलिस कार्रवाई की चर्चा अब शहर में तेज हो गई है। इसकी एक बड़ी वजह गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के दो पूर्व पदाधिकारियों का शामिल होना है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।

