केलो पुल पर लगे फोटो पर गरमाई सियासत, विरोध के बावजूद रमन सिंह का फोटो हटाकर CM बघेल का लगाया

7/5/2022 6:50:53 PM

रायगढ़ (पुनीराम रजक) : रायगढ़ शहर के बीच केलो पुल पर भाजपा सरकार के कार्यकाल में बने गेट पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह व पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के फोटो को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। कल जहां कांग्रेस के पूर्व महापौर सहित कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम में धरना प्रदर्शन कर रमन सिंह का फोटो हटा कर सीएम भूपेश बघेल का फोटो लगाने की मांग की थी तो आज भाजपा पार्षदों ने ज्ञापन सौंप कर रमन सिंह का फोटो यथावथ रखने की मांग की है। इधर भाजपा पार्षद ज्ञापन सौंप रहे थे उधर निगम प्रशासन ने पूर्व सीएम रमन सिंह के फोटो को हटवा दिया।

सीएम की फ़ोटो लगाने को लेकर शहर की राजनीति गर्मा गई है। दरअसल वर्ष 2005 में शहर के बीच में केलो नदी के जर्जर हो चुके पुल का जीर्णोद्धार के लिए भाजपा शासन से राशि मिली थी। पुल का जीर्णोद्धार के साथ ही सौंदर्यीकरण के तहत गेट बनवाया गया था जिसमें रमन सिंह व अमर अग्रवाल का फोटो लगा था। वर्तमान में सत्ता परिवर्तन के साथ प्रदेश के अलावा नगर निगम में भी कांग्रेस काबिज है। ऐसे में 3 साल बाद कांग्रेस को फ़ोटो बदलने की याद आई और कल पूर्व महापौर जेठूराम मनहर सहित कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में धरना देकर रमन सिंह की फ़ोटो हटा कर वर्तमान सीएम भूपेश बघेल की फ़ोटो लगाने की मांग की। वही आज भाजपा पार्षदों ने महापौर व आयुक्त को ज्ञापन सौंप कर रमन सिंह के फोटो को यथावथ रखने की मांग की। भाजपा का कहना है कि उक्त गेट भाजपा के कार्यकाल में बना है और शासन के निर्देश पर तत्कालीन सीएम रमन सिंह का फोटो लगाया गया था जिसे हटाना उचित नहीं है। खास बात यह है कि इधर भाजपा पार्षद नगर निगम में ज्ञापन देने पंहुचे थे तो उधर निगम प्रशासन ने पूर्व सीएम रमन सिंह का फ़ोटो हटा दिया। इस वजह से राजनीति और गरमा गई है।

वही इस मामले में महापौर जानकी काटजू का कहना है कि भले ही भाजपा शासनकाल में पुल का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण हुआ है लेकिन वर्तमान में पूरे प्रदेश में सीएम भूपेश बघेल के फोटो लगाए जा रहे है। पूर्व में जो शिलान्यास व लोकार्पण का पत्थर लगा है उसे नहीं हटाया जाएगा। परंतु फ़ोटो सीएम भूपेश बघेल का ही लगेगा।

 

meena

This news is Content Writer meena