पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की दत्तक बेटी का इलाज के अभाव में निधन

7/19/2019 12:41:40 PM

विदिशा: मध्यप्रदेश में डॉक्टरों की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। यहां इलाज के अभाव में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की दत्तक पुत्री भारती वर्मा का गुरुवार को देहांत हो गया। बेटी की मौत की जानकारी लगते ही शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह और पुत्र कार्तिकेय विदिशा पहुंचे।



जानकारी के अनुसार, भारती नगरपालिका में नौकरी करती थी। गुरुवार सुबह भारती की तबीयत खराब हो गई जिसके बाद उसे नर्सिंग होम में ले जाया गया। जहां डॉक्टर ही मौजूद नहीं थे। नर्सिंग होम के स्टॉफ ने बताया कि डॉक्टर साढ़े दस बजे तक आएंगी। लेकिन डॉक्टर समय पर नहीं आईं। इधर, भारती के हालात बिगड़ते गए। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



पत्रकारों से बातचीत के दौरान भारती के पति ने बताया कि मेरी पत्नी शरीर में कमजोरी महसूस कर रही थी और जिसका इलाज चल रहा था। आज सुबह उसने उल्टियां करना शुरू कर दीं जिसके बाद हम उसे जिला अस्पताल में ले गए जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भारती के पति ने यह भी बताया कि उनकी शादी पिछले साल मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आयोजित की गई थी।

बेटी की मौत की खबर लगते ही शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह व बेटे कार्तिकेय के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। इसी बीच शिवराज अपने आंसू नहीं रोक पाए तथा भावुक होकर रोने लगे। भारती वर्मा की शादी पिछले साल एक मई को विदिशा के किसान परिवार के युवक रवींद्र मालवीय से हुई थी। 


 

meena

This news is Edited By meena