जेल के बाथरूम में फंदा लगाकर कैदी ने की आत्महत्या, लूट और हत्या के आरोप में काट रहा था सजा

6/24/2021 9:12:36 PM

भोपाल(इजहार खान): प्रेमिका की हत्या के बाद सीहोर जेल में आरोपी द्वारा फांसी लगाने की घटना के बाद अब भोपाल केंद्रीय जेल में बंद हत्या और लूटपाट के आरोपी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। पिछले साल पैरोल पर छूटने के बाद वह फरार हो गया था। उसे चार दिन पहले ही गांधी नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल दाखिल करवाया था। आरोपी पर रायसेन जिले में हत्या और लूटपाट समेत कई मामले दर्ज हैं। जेल परिसर में हुई इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी मुताबिक खेमचंद अहिरवार पुत्र कल्याण सिंह (35) मूलत: ग्राम ताजपुर जिला रायसेन का रहने वाला था। रायसेन पुलिस ने लूटपाट और हत्या के मामले में उसे 2012 में गिरफ्तार किया था। वर्ष 2014 में आजीवन कारावास होने के बाद उसे सेंट्रल जेल भोपाल भेज दिया गया था। पिछले साल 15 फरवरी 2020 को उसे दो सप्ताह के लिए पैरोल पर छोड़ा गया था। उसे एक मार्च को जेल पहुंचना था, लेकिन वह फरार हो गया। इस पर जेल प्रबंधन की तरफ से एक मार्च 2020 को गांधी नगर थाने में केस दर्ज करवाया गया था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। गत 20 जून को गांधी नगर पुलिस ने उसे रायसेन से गिरफ्तार कर जेल दाखिल करवाया था।

चादर फाड़कर बाथरूम की ग्रिल से लगाई फांसी
करीब डेढ़ साल की फरारी के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया गया था, इसलिए उसे अन्य कैदियों से अलग आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। उस वार्ड में करीब एक दर्जन अन्य कैदी भी हैं। गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे खेमचंद चादर लेकर बाथरूम गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद एक बुजुर्ग बंदी सामने वाले बाथरूम में पहुंचा तो उसे खेमचंद फंदे से लटका दिखाई दिया। सूचना के बाद जेल प्रबंधन मौके पर पहुंचा तो उसकी मौत हो चुकी थी। खेमचंद ने बाथरूम के रोशनदान से चादर फाड़कर फांसी लगाई थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गांधी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है।

17 दिन पहले सीहोर में युवक ने लगाई थी फांसी
दो सप्ताह पहले 7 जून को सीहोर जेल में प्रेमिका की हत्या करने वाले आरोपी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। आरोपी सागर सोनी ने 1 जून को इंदौर से भोपाल आ रही युवती की नर्मदा एक्सप्रेस में चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वह उससे एक तरफा प्रेम करता था। जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर सीहोर में जेल में रखा था, जहां पांच दिन बाद ही उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News