आपातकालीन पैरोल पर छोड़े कैदी वापस नहीं लौटे जेल, पुलिस फिर करेगी गिरफ्तार

2/14/2021 6:20:30 PM

इंदौर: कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इंदौर जेल से कैदियों को पैरोल पर रिहा किया गया था। अब कैदियों की पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वे जेल में नहीं लौटे हैं। इसके तहत जेल प्रशासन ने फैसला लिया है कि अब पुलिस कैदियों को ढूंढ कर वापस जेल पहुंचाएगी।

मार्च 2020 में इंदौर जिला जेल से एहतियात के तौर पर कैदियों को आपातकालीन पैरोल पर छोड़ा गया था। अब तक कई कैदियों की पैरोल अवधि समाप्त हो गई है, उसके बाद भी वे अब तक जेल नहीं लौटे हैं। इसको लेकर जेल प्रशासन ने जिस क्षेत्र में कैदी रहता है, उस क्षेत्र के थाना को सूचना जारी की है। अब पुलिस ऐसे कैदियों को ढूंढ कर वापस जेल पहुंचाएगी। उसके बाद भी अगर संबंधित कैदी जेल प्रबंधन के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी साथ ही उनके खिलाफ मामला भी दर्ज करवाया जाएगा।

800 कैदियों को छोड़ा गया था पैरोल पर

कोरोना संक्रमण के दौरान इंदौर सर्कल की जेलों से करीब 800 कैदियों को आपातकालीन पैरोल के तहत छोड़ा गया था। इसके बाद से दो से तीन बार इन कैदियों की पैरोल अवधि बढ़ाई गई थी। हाल ही में जेल मुख्यालय ने आपातकालीन पैरोल की सुविधा बंद करते हुए जो कैदी पैरोल पर छोड़े थे, उन्हें वापस जेल में लौटने को कहा है। ज्यादातर कैदियों की पैरोल अवधि जनवरी में खत्म हो गई है।

जेल प्रबंधन के मुताबिक पैरोल अवधि समाप्त होने के बावजूद कई कैदी अब तक जेल में वापस नहीं लौटे हैं। इन कैदियों को वापस जेल में लाने के लिए जेल प्रशासन ने पुलिस की सहायता ली है। फिलहाल जेल प्रबंधक ने इंदौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्र के हिसाब से कैदियों की सूची दे दी है. अब पुलिस ऐसे कैदियों को चिन्हित कर वापस जेल पहुंचाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

shahil sharma

Recommended News

Related News