सांची के पास निनोद में बनेगा प्रदेश का पहला विश्व-स्तरीय गोल्फ कोर्स

12/10/2019 8:37:56 PM

भोपाल, 10 दिसंबर (भाषा) मध्य प्रदेश में खेल एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची के पास ग्राम निनोद में 220 करोड़ रुपये की लागत से 27 होल का विश्वस्तरीय गोल्फ कोर्स सह-रिसॉर्ट एवं होटल बनाया जाएगा।

मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘मध्यप्रदेश में निवेश के लिए तैयार किए गए वातावरण के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची के पास ग्राम निनोद में 220 करोड़ रुपये की लागत से 27 होल का विश्वस्तरीय गोल्फ कोर्स सह-रिसॉर्ट एवं होटल बनाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को मंत्रालय में वेस्ले ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डोरियन मुलेन्स को स्वीकृति पत्र (लेटर ऑफ अवार्ड) सौंपा।’’
वेस्ले ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने कमलनाथ से मुलाकात करने के बाद कहा कि प्रदेश में निवेश के नए अवसर के लिए सरकार अपनी नीतियों को उदार बनाने के साथ ही रोजगार प्रधान निवेश को प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए पर्यटन नीति (2016) को संशोधित कर 2019 में अल्ट्रा मेगा परियोजना का प्रावधान जोड़ा गया है। इसके परिणाम स्वरूप ही वेस्ले ग्रुप ने निनोद गांव में 70.718 हेक्टेयर क्षेत्र में विश्वस्तरीय गोल्फ कोर्स, होटल रिसॉर्ट एवं कन्वेशन सेंटर तथा हेलीपैड के निर्माण का प्रस्ताव दिया था।

इस परियोजना से 310 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा। पर्यटन नीति के प्रावधानों के अनुरूप इसमें से 247 पदों पर मध्यप्रदेश के मूल निवासियों को नियुक्ति दी जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन विभाग के सचिव फैज अहमद किदवई, कंपनी के पार्टनर सीईओ वेस्ले ग्रुप (मुंबई) आलोक तिवारी, तकद्दुस खान तथा पर्यटन एवं मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के संयुक्त संचालक सुरेश झारिया उपस्थित थे।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News

Related News