मप्र में कांग्रेस, भाजपा सामुदायिक रसोई में बनवा रहे हैं जरुरतमंदों के लिए भोजन

4/2/20 1:59:41 PM

भोपाल, दो अप्रैल (भाषा) भोपाल में मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय का राजीव गांधी हॉल जो लगभग 15 माह पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ के चयन का गवाह था, कोरोना वायरस के चलते बंद के कारण फिलहाल गरीब और जरुरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए एक बड़े रसोई घर में तब्दील हो गया है।
कोविड-19 संक्रमण तेजी से फैल रहा है और इसे रोकने के लिए सरकार द्वारा लागू किये गए देशव्यापी बंद को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस अपने स्तर पर जरुरतमंदों की मदद के लिए मैदान में उतर आई है।
यहां कांग्रेस जहां अपने प्रदेश मुख्यालय का उपयोग सामुदायिक भोजन पैकेट के निर्माण के लिए एक बड़े रसोई घर के तौर पर कर रही है तो भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से भोजन के पैकेट और कच्ची खाद्य सामग्री के वितरण में लगी हुई है।
कांग्रेस कार्यालय में रसोई घर का जिम्मा संभाल रहे प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल ने पीटीआई भाषा को बताया,‘‘ कोरोना वायरस के मद्देनजर बंद ने दैनिक कमाई पर निर्भर रहने वाले लोगों को बूरी तरह से प्रभावित किया है। यहां तक कि कई लोगों के पास धन होने के बाद भी वस्तुएं उपलब्ध नहीं हो के कारण वे खरीद नहीं पा रहे हैं। ऐसे सभी जरुरतमंद लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराने के लिए हमने यहां रसोई स्थापित की है।’’ उन्होंने बताया,‘‘ यहां बनने वाले भोजन के पैकेट पार्टी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के लोगों के जरिए जरुरतमंदों को बांटे जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य 15 अप्रैल तक रसोई चलाना है और वर्तमान में हम 25000 भोजन के पैकेट रोज तैयार कर रहे हैं।’’ वहीं दूसरी ओर भाजपा ने प्रदेश भर में अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के विशाल नेटवर्क को भोजन और खाद्य सामग्री के वितरण का काम सौंपा है।
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने पीटीआई भाषा को बताया,‘‘ बंद की घोषणा के बाद हमने जरुरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रदेश में कई स्तरों पर व्यवस्था की है। हमारे कार्यकर्ता अपने घर पर भोजन बनवाकर पैकेट बांटवा रहे हैं। वहीं भाजपा नेताओं द्वारा सामुदायिक रसोई भी स्थापित की गई हैं। इसके अलावा भाजपा नेताओं द्वारा लोगों को कच्ची खाद्य सामग्री के पैकेट भी बांटे जा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में हमारा लक्ष्य प्रदेश के लगभग नौ लाख श्रमिकों को भोजन वितरण और अन्य कार्यो में लोगों की मदद करना है।
अग्रवाल ने कहा,‘‘ भाजपा कार्यकर्ता हर दिन लगभग 25-30 लाख लोगों तक पहुंच रहे हैं और हमारा लक्ष्य 45 लाख लोगों तक रोज पहुंचने का है। हम स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों के मदद से भोजन के पैकेट वितरित करवा रहे हैं।’’’ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा,‘‘ पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के उन लोगों का भी पता लगा रहे हैं जो अन्य राज्यों में फंसे हुए हैं। हम अन्य राज्यों की पार्टी ईकाइयों के साथ समन्वय कर ऐसे लोगों की हर संभव सहायता कर रहे हैं।’’

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

This news is Edited By PTI News Agency