मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव: प्रभुराम चौधरी सहित छह मंत्री जीते

11/10/2020 10:35:38 PM

भोपाल, 10 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी (भाजपा) सहित छह मंत्रियों ने राज्य में हुए उपचुनाव के मंगलवार को हुई मतगणना में जीत हासिल कर ली। प्रभुराम चौधरी ने सांची विधानसभा सीट से हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल चौधरी को 63,809 मतों से हराया।
इनके अलावा, प्रदेश के पांच अन्य मंत्रियों वरिष्ठ आदिवासी नेता बिसाहूलाल सिंह, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, हरदीप सिंह डंग एवं बृजेन्द्र सिंह यादव ने भी अपनी-अपनी सीटों से जीत दर्ज कर ली है।

ये छह नेता इस साल मार्च में कांग्रेस विधायकी छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे।

सांची विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल चौधरी को 63,809 मतों से हराया। चौधरी को 1,16,577 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 52,768 मत मिले।

अनूपपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बिसाहूलाल सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह को 34,864 मतों से पराजित किया। बिसाहूलाल को 75,600 मत मिले, जबकि विश्वनाथ को 40,736 मत मिले।

मुंगावली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र सिंह यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हईराम लोधी को 21,469 मतों से हराया। यादव को 83,153 मत मिले, जबकि लोधी को 61,684 मत मिले।

बदनावार विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कांग्रेस प्रत्याशी कमल सिंह पटेल को 32,133 मतों से पराजित किया। दत्तीगांव को 99,137 मत मिले, जबकि पटेल को 67,004 मत मिले।

सुवासरा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हरदीप सिंह डंग ने कांग्रेस प्रत्याशी भाई राकेश पाटीदार को 29,440 मतों से पराजित किया। डंग को 1,17,955 मत मिले, जबकि पाटीदार ने 88,515 मत हासिल किए।

वहीं, बमोरी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैयालाल रामेश्वर अग्रवाल को 53,153 मतों से हराया। सिसौदिया को 1,01,124 मत मिले, जबकि अग्रवाल को 47,971 मत मिले।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

This news is Edited By PTI News Agency