मप्र में गोधन संवर्धन के लिये ‘गौ कैबिनेट’ के गठन की घोषणा

11/18/2020 6:41:08 PM

भोपाल, 18 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि राज्य सरकार ने गोधन के संरक्षण और संवर्धन के लिये ‘गौ कैबिनेट’ गठित करने का निर्णय लिया है।
हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा ने गायों के लिए एक अलग विभाग (मंत्रालय) स्थापित करने का वादा किया था, लेकिन अब केवल ‘गौ कैबिनेट’ की स्थापना की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘गौ कैबिनेट’ की पहली बैठक 22 नवंबर को आगर-मालवा जिले में स्थित गौ अभयारण्य में होगी।
चौहान ने बुधवार सुबह एक ट्वीट में कहा, ‘‘ प्रदेश में गोधन संरक्षण व संवर्धन के लिए ‘गौ कैबिनेट’ गठित करने का निर्णय लिया गया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन, वन, पंचायत व ग्रामीण विकास, राजस्व, गृह और किसान कल्याण विभाग ‘गौ कैबिनेट’ में शामिल होंगे। इसकी पहली बैठक 22 नवंबर को गोपाष्टमी पर दोपहर 12 बजे आगर मालवा में स्थित गौ अभयारण में आयोजित की जाएगी।
इस बीच, मध्यप्रदेश सरकार ने ‘गौ-कैबिनेट’ के आदेश जारी कर दिए हैं। चौहान के अलावा इस कैबिनेट में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, वन मंत्री विजय शाह, कृषि मंत्री कमल पटेल, पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया और पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल भी शामिल हैं।
बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में छह विभाग मुख्य रूप से ‘गौ-कैबिनेट’ निर्णयों के क्रियान्वयन को अंजाम देंगे। गाय के गोबर के कंडों का उपयोग भी किस तरह बढ़े, इस दिशा में कार्य योजना को लागू किया जाएगा। छह विभागों की सक्रियता से क्रियान्वयन के स्तर पर कठिनाई नहीं होगी। समन्वय से कार्य पूरे किए जाएंगे। वर्तमान में गौ-काष्ठ के निर्माण को प्रोत्साहन मिल रहा है। इस उत्पाद के विपणन के नये आयामों पर विचार किया जाएगा। इसी तरह गौ-दुग्ध से निर्मित अन्य उत्पादों के विपणन के लिए भी प्रयास होंगे।
वहीं कमलनाथ ने निशाना साधते हुए कहा कि चौहान 2018 विधानसभा चुनाव से पहले की गई अपनी घोषणा को भूल गये।
कमलनाथ ने एक बयान में कहा, ‘‘2018 के विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रदेश में गौ मंत्रालय बनाने की घोषणा करने वाले शिवराज सिंह अब गोधन संरक्षण व संवर्धन के लिए गौ कैबिनेट बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव से पहले की गयी अपनी घोषणा में गौ-मंत्रालय बनाने के साथ-साथ पूरे प्रदेश में गौ अभ्यारण और गौशालाओं के जाल बिछाने की बात भी कही थी। प्रत्येक घर में भी छोटी-छोटी गौशाला बनाने की बात उन्होंने अपनी चुनावी घोषणा में कही थी। अपनी पहली घोषणा को भूलकर शिवराज एक नयी घोषणा कर रहे हैं।’’ कमलनाथ ने आरोप लगाया कि अपनी 15 वर्ष की पिछली सरकार में व वर्तमान आठ माह में शिवराज सरकार ने गौ माता के संरक्षण व संवर्धन के लिए कुछ भी नहीं किया, उल्टा कांग्रेस सरकार द्वारा गौमाता के लिये बढ़ाई गई चारा राशि को भी कम कर दिया है।
कमलनाथ के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने 15 माह के शासन काल में केवल गौ शालाओं के बारे में बातें की लेकिन 15 गौशालाओं को भी स्थापित नहीं किया।
मिश्रा ने कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति का पोषण कर रही है और प्रदेश की भाजपा सरकार ने राज्य में ‘गौ कैबिनेट’ के गठन का निर्णय लेकर एक नयी मिसाल कायम की है।
इस बीच भाजपा नेता उमा भारती ने ‘गौ कैबिनेट’ की स्थापना के निर्णय के लिये मुख्यमंत्री चौहान की प्रशंसा की और इस निर्णय पर खुशी व्यक्त की।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

This news is Edited By PTI News Agency