पेड़ लगाना पृथ्वी को बचाने का अभियान : मुख्यमंत्री चौहान

3/5/2021 5:53:14 PM

भोपाल, पांच मार्च (भाषा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को 62 वें जन्मदिन के मौके पर यहां अपने सरकारी निवास पर बेल का पौधा लगाया और पेड़ लगाये जोन को धरती बचाने का अभियान करार दिया ।
मुख्यमंत्री ने जन्मदिवस के मौके पर विभिन्न स्थानों पर मंत्रिपरिषद के सदस्यों, जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ यहां सामूहिक तौर पर पौधा रोपण किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह अत्यंत पुनीत कार्य है। इस पवित्र सामाजिक अभियान को सफल बनाने के लिए मैं निकल पड़ा हूं। आप सब इस कार्य में पूरा सहयोग करें।’’ मालूम हो कि चौहान ने प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अपने जन्म-दिन पर आप सभी से आग्रह और अपील करता हूं कि अधिक से अधिक पौधा-रोपण करें, यही मेरे लिये सच्चा उपहार होगा।
चौहान ने अपने जन्म-दिन के मौके पर सुबह सबसे पहले अपने निवास पर बेल का पौधा रोपा। इस अवसर पर सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा, प्रदेश के मंत्री विजय शाह, डॉ. प्रभुराम चौधरी सहित प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी पार्क में मीडियाकर्मियों के साथ पौधा-रोपण किया और यहां उन्होंने बरगद सहित लगभग 25 प्रजातियों के पौधे रोपे।
इसके बाद चौहान ने मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम और मंत्रि-परिषद के सदस्यों के साथ कदंब के 6 पौधे रोपे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के मंत्रालय में भी अधिकारियों और मंत्रियों के साथ पौधा रोपण किया।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

This news is PTI News Agency