भाजपा विधायक के घुटने तोड़ने वाले बयान के बाद दिग्विजय ने कहा, वह विधायक के घर पर रामधुन जपेंगे

11/20/2021 8:09:06 PM

भोपाल, 20 नवंबर (भाषा) मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामेश्वर शर्मा के कांग्रेसियों के ‘‘घुटने तोड़ने’’ संबंधी कथित बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह भाजपा विधायक शर्मा के घर जाएंगे और उनकी सद्बुद्धि के लिए भगवान राम का नाम जपेंगे।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने शनिवार को शर्मा का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मैं कांग्रेसी हूं, जिसमें ताकत हो तो मेरे घुटने तोड़ दे। मैं गांधीवादी हूं। हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा। 24 नवंबर को मैं महात्मा गांधी की मूर्ति से रामेश्वर शर्मा के घर जाऊंगा। उनके घर जाकर प्रभु से उन्हें सद्बुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन का जाप करुंगा।’’ कथित वीडियो में शर्मा कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘‘दिग्विजय सिंह यहां आए, कुछ करके गए? कांग्रेस का आदमी इधर आया तो घुटने तोड़ दो।’’ भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक शर्मा से जब इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनके करीबी सूत्रों ने कहा कि वह जिले के कालखेड़ा गांव में बोल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि शर्मा गांव में सरकारी जमीन पर एक स्थानीय कांग्रेस नेता द्वारा किए गए अवैध निर्माण की बात कर रहे थे।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News