भाजपा विधायक के ‘घुटने तोड़ने’ वाले बयान के बाद दिग्विजय ने कहा, वह विधायक के घर पर राम धुन जपेंगे

11/20/2021 9:25:58 PM

भोपाल, 20 नवंबर (भाषा) मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामेश्वर शर्मा के कांग्रेसियों के ‘‘घुटने तोड़ने’’ संबंधी कथित बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह भाजपा विधायक शर्मा के घर जाएंगे और उनकी सद्बुद्धि के लिए भगवान राम का नाम जपेंगे।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने शनिवार को शर्मा का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मैं कांग्रेसी हूं, जिसमें ताकत हो तो मेरे घुटने तोड़ दे। मैं गांधीवादी हूं। हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा। 24 नवंबर को मैं महात्मा गांधी की मूर्ति से रामेश्वर शर्मा के घर जाऊंगा। उनके घर जाकर प्रभु से उन्हें सद्बुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन का जाप करुंगा।’’ कथित वीडियो में शर्मा कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘‘दिग्विजय सिंह यहां आए, कुछ करके गए? कांग्रेस का आदमी इधर आया तो घुटने तोड़ दो।’’ भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक शर्मा के करीबी सूत्रों ने दावा किया कि वह जिले के कालखेड़ा गांव में बोल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि शर्मा गांव में सरकारी जमीन पर एक स्थानीय कांग्रेस नेता द्वारा कथित रूप से किए गए अवैध निर्माण की बात कर रहे थे।
शर्मा ने कहा कि भगवान राम के नाम का पाठ करने के लिए सिंह का उनके आवास पर स्वागत है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं धन्य महसूस कर रहा हूं कि दिग्विजय सिंह मेरी वजह से भगवान राम की पूजा करेंगे। मैं उन्हें श्री रामचरित मानस की एक प्रति भेंट करुंगा और रामधुन में भाग लूंगा।’’ शर्मा ने कहा कि सिंह अपने आगमन का समय बताएं ताकि वह उनके और कांग्रेस नेता के साथ भगवान राम के अन्य भक्तों के लिए नाश्ते की व्यवस्था कर सकें।
विधायक ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि भगवान राम, सिंह को सद्बुद्धि देंगे और वह देश, सेना, हिंदुओं के खिलाफ तथा अपने चरमपंथी दोस्तों के पक्ष में बोलना बंद कर देंगे।’’ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी सिंह पर निशाना साधा और कहा, ‘‘यह वृद्धावस्था का सकारात्मक उपयोग है। भगवान राम सबका भला करें। एक घंटे तक रामधुन का जप करने के बाद आप में सद्बुद्धि आएगी।’’ कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी शर्मा का समर्थन करते हुए सिंह पर निशाना साधा।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News