मध्य प्रदेश कांग्रेस ने 52 जिलों के प्रभारी नियुक्त किये

8/12/2022 8:03:15 PM

भोपाल, 12 अगस्त (भाषा) मध्य प्रदेश में हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में पांच नगर निगमों में महापौर के पद सत्तारूढ़ भाजपा से छीनने से उत्साहित मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए राज्य के सभी 52 जिलों में अपने प्रभारी नियुक्त किये हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस की विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अभी से बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। पार्टी ने बताया कि इस दिशा में पहला कदम उठाते हुए सभी 52 जिलों में प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कमलनाथ ने इन जिला प्रभारियों को तुरंत अपने काम में जुट जाने के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रभारियों का सबसे पहला काम अपने प्रभार वाले जिले के संपूर्ण संगठन में समन्वय स्थापित करना होगा, जिसमें जिले के सभी मोर्चा संगठन जैसे महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, कांग्रेस सेवादल सहित विभागों और प्रकोष्ठ आदि की गतिविधियों में समन्वय करना, उनके द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त करना और उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजना शामिल है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कमलनाथ ने जिला प्रभारियों के काम में बाल कांग्रेस को वरीयता देने के लिए भी कहा है। उन्होंने कहा है कि हर विधानसभा में बाल कांग्रेस के गठन में एक कैप्टन एवं एक वाइस कैप्टन के नाम प्राप्त कर प्रदेश कांग्रेस को प्रेषित किये जाएं, कांग्रेस के परिजनों के बच्चों को भी बाल कांग्रेस का सदस्य बनाया जाए।

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

This news is PTI News Agency