क्या सियासत का शिकार हो गए सिवनी कलेक्टर प्रवीण सिंह? आखिर उनके तबादले से जनता क्यों है मायूस

5/2/2020 4:47:31 PM

सिवनी/लखनादौन (पवन डेहरिया): जब से प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री का पद संभाला है। तब से प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले होना एक सामान्य प्रक्रिया बन गई है। लेकिन जब सिवनी जिले के कलेक्टर प्रवीण सिंह कोरोना संक्रमण को रोकने की जंग लड़ रहे थे, तो इसी बीच ऐसी विषम परिस्थितियों में प्रदेश सरकार द्वारा बीती रात आदेश जारी कर जिले के संवेदनशील कलेक्टर प्रवीण सिंह अढाचय का स्थानांतरण बुरहानपुर जिले में करने की खबर सोशल मीडिया में वायरल हुई। उसके बाद जिले, तहसील और ग्रामीणों में स्थानांतरण आदेश को लेकर नकारात्मक प्रक्रिया व चेहरों में मायूसी सामने आई। क्योंकि अभी तक कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सिवनी जिले में बेहतरीन काम किया। उन्हीं के प्रयासों के चलते सिवनी अब तक ग्रीन जोन में है। कलेक्टर प्रवीण सिंह के कुशल नेतृत्व में आम नागरिकों को घर तक मूलभूत वस्तुओं की पूर्ति भी की जा रही थी। जिसके चलते अब अनेक सवाल आम जनता के मन में हैं, कि आखिर इस विषय पर स्थिति में किन कारणों से प्रदेश सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा?



लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चाहते तो लॉक डाउन खत्म होने के बाद भी अपने विशेष अधिकारियों का उपयोग करते हुए नए कलेक्टर की नियुक्ति जिले में कर सकते थे, परंतु ऐसा न कर के प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उन अधिकारियों का स्थानांतरण करने में लगे हुए हैं, जो कोरोना जैसी खतरनाक महामारी बीमारी से लड़ने में लगे हुए हैं। या फिर यूं कहें कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में जिन अधिकारियों के कारण कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की दाल नहीं गल पा रही थी, अवैध उत्खनन का कारोबार नहीं कर पा रहे थे। इसी के चलते कलेक्टर प्रवीण सिंह का ट्रांसफर किया गया है।

चिकित्सालय के समस्त कर्मचारी व अधिकारी ने जताया विरोध... 

सिवनी कलेक्टर प्रवीण सिंह अढ़ाचय के स्थानांतरण को लेकर न सिर्फ ग्रामीण बल्कि शहरी क्षेत्र के लोग भी विरोध कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों का कहना है, कि सिवनी के विकास के लिए ऐसे अधिकारियों का होना बहुत ही जरूरी है क्योंकि स्वास्थ्य विभागीय व्यवस्थाओं में जो सुधार दिख रहा है, वह अभी तक कोई भी अधिकारी नहीं ला पाए। जो कि कलेक्टर प्रवीण सिंह अढ़ाचय के कुशल नेतृत्व में बनाई गई कार्य योजनाओं का परिमाण है। जिससे आम जनता सुविधाओं का लाभ ले रही है। वर्तमान समय में जिले को कोरोना जैसी महामारी के संक्रमण से बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना कलेक्टर प्रवीण सिंह ने जो काम किया, उसी के चलते सिवनी जिला सुरक्षित है, और यही बड़ा कारण है जो ऐसी परिस्थितियों में भी कलेक्टर के ट्रांसफर किए जाने पर लोग खुलकर विरोध कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि प्रदेश सरकार को अपना ये निर्णय बदल लेना चाहिए।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar