रायगढ़: दो केंद्रों पर धान खरीदी शुरु, पहले दिन तीन किसानों से 57 क्विंटल की खरीदी

11/1/2022 6:18:40 PM

रायगढ(पुनीराम रजक): आज 1 नवंबर से रायगढ़ जिले में धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। पहले दिन जिले के दो उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की औपचारिक शुरुआत की गई। दोनों केंद्रों में तीन किसानों से कुल 57.20 कि्वंटल धान की खरीदी हुई। कोड़ातराई के धान खरीदी केंद्र रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक ने धान की तौलाई करा कर खरीदी का शुभारंभ किया। यहां किसान पद्मावती पटेल से 20 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इस साल किसानों की सुविधा के लिए मोबाइल एप 'टोकन तुंहर हाथ' भी शासन द्वारा लांच किया गया है। जिससे किसान घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन कटवा सकते हैं।  

चपले धान उपार्जन केंद्र में जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल ने धान की तौलाई कर खरीदी की औपचारिक शुरुआत करवाई। यहां किसान लखन लाल से 18.20 क्विंटल और ईश्वरी प्रसाद से 19 क्विंटल धान की खरीदी की गई। पहले दिन कोड़ातराई में और चपले के साथ ही लोइंग, कुडुमकेला, कापू और छाल में किसानों ने धान खरीदी के लिए टोकन कटवाए हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले में 77 हजार 185  किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन हुआ है, जिसमें 3661 नए किसान है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 95 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। जिले के कापू से दीपिका शर्मा ने 1 नवंबर को धान बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन कटवाया है। मालूम हो कि धान विक्रय के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया के सरलीकरण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के उद्देश्य से एन.आई.सी.द्वारा एन्ड्रॉयड एप 'टोकन तुंहर हाथ' विकसित किया गया है। जिसका लाभ लेकर किसान घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन कटवा सकते हैं।

meena

This news is Content Writer meena