गार्ड ऑफ ऑनर के साथ राजकुमार जाटव की अंतिम विदाई, तिरंगे में लिपटे शहीद को देख हर आंख हुई नम

5/14/2022 7:00:36 PM

अशोकनगर(गजेंद्र लोधी): पड़ोसी जिले गुना की आरोन तहसील में काले हिरण और मोरों के तस्करों से हुई मुठभेड़ में शहीद हुए अशोकनगर की माटी के सपूत सब इंस्पेक्टर राजकुमार जाटव को राज्यकीय सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) देने के बाद पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दरअसल गुना जिले के आरोन में बीती रात तस्करों से हुई मुठभेड़ में अशोकनगर निवासी सब इंस्पेक्टर राजकुमार जाटव शहीद हो गए थे, दोपहर में उनकी पार्थिव देह अशोकनगर लाया गया।



जहां पहले तो शहीद राजकुमार के घर के बाहर उन्हें पुलिस द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद पुलिस महकमे के एडीजी व आला अधिकारियों ने उन्हें कंधा दिया। इसके बाद मप्र सरकार के राज्यमंत्री ब्रजेंद्र सिंह यादव और विधायक जजपाल सिंह जज्जी द्वारा कंधा दिया गया। इसके बाद तिरंगे में लिपटे अशोकनगर की माटी के वीर सपूत को फूलों से सजे पुलिस वाहन में रखा गया। जहां से उनकी शवयात्रा निकाली गई। इस दौरान रास्ते भर शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।


वहीं मुक्तिधाम में भी उन्हें राजकीय सम्मान (गार्ड आफ आनर) दिया गया इसके बाद भोपाल से आए पुलिस महकमे के एडीजी विनय कटारिया सहित सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पूरे विधि विधान के साथ शहीद राजकुमार का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद राजकुमार के पड़ोसियों और मित्रों ने बताया कि वह एक दिन पूर्व ही घर से ड्यूटी पर गया था लेकिन ऐसा किसे पता था कि वह तिरंगे में लिपटा वापिस आएगा। राजकुमार के शहीद होने की खबर से पूरे अशोकनगर में गम का माहौल है और हर आंख नम देखी जा रही है।

meena

This news is Content Writer meena