BJP के खेत धरना में बोले रामेश्वर- किसान यूरिया को परेशान और दिल्ली पर्यटन पर कमलनाथ सरकार

12/14/2019 5:54:33 PM

भोपाल: बीजेपी ने शनिवार को मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए खेत धरना दिया। हुजूर विधायक और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने भैंसाखेड़ी मंडी में आयोजित "खेत धरना" को संबोधित करते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला। विधायक ने मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार की वजह से प्रदेश का अन्नदाता यूरिया के लिए पूरे परिवार के साथ रात-रात भर लाइनों में लगकर पुलिस की लाठियां खा रहा है। यूरिया की कालाबाजारी चरम पर है शासन प्रशासन की मदद से यूरिया के दलालों ने प्रदेश के किसानों से लूट मचा रखी है। वहीं कमलनाथ सरकार कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ दिल्ली पर्यटन पर मौज कर रही है।

विधायक शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कमलनाथ जी और उनके मंत्री खेत के मेड पर जाने की जगह सोशल मीडिया से सरकार चला रहे हैं। 2 लाख की कर्जमाफी का झूठ केंद्र सरकार के भेजे एक हजार करोड़ की लूट की बंदरबांट में पूरी कांग्रेस सरकार जुटी है। विधायक शर्मा ने कहा कि यूरिया सोसायटी में नहीं है पर बाजार में मुंह मांगे दाम पर बिक रहा है। कांग्रेस पैसे कमाने का कोई भी माध्यम छोड़ना नहीं चाहती है। यूरिया की कालाबाजारी और तबादला उद्योग से कमाए पैसों से कांग्रेसी दिल्ली के बड़े- बड़े होटलों में मौज कर रहे हैं।

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रदेश का किसान खून के आंसू रो रहा हैं।वहीं कांग्रेस सत्ता सुख भोग रही है। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में किसान विरोधी कमलनाथ सरकार के विरोध में खेत धरना का आयोजन किया। इसी तारतम्य में विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में संत नगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय मंडी पर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh