शादी की तैयारियों के बीच भाजपा नेत्री के घर पुलिस की छापेमारी! बेटे पर रेप के आरोप...मामला दर्ज होते ही फरार
Thursday, Apr 16, 2026-01:53 PM (IST)
सतना : मध्यप्रदेश के सतना में 27 वर्षीय एक युवती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक पार्षद के बेटे पर शादी का झांसा देकर कथित रूप से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम युवती की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस की एक टीम ने आरोपी तरुण सिंह लोधी (30) की तलाश में पार्षद के घर पर छापा मारा लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के जबलपुर में होने की सूचना मिली है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह परिहार ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि पीड़िता जबलपुर स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत है और आरोपी तरुण सिंह लोधी के साथ वह कई वर्षों से संपर्क में थी। उन्होंने बताया कि पीड़िता का आरोप है कि सतना के जवाहर नगर निवासी भगवान सिंह लोधी के बेटे तरुण सिंह लोधी ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए और अब वह शादी से इनकार कर रहा है।
पीड़िता ने दावा किया कि आरोपी तरुण लोधी किसी दूसरी महिला से शादी कर रहा है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी तरुण का तिलक 16 अप्रैल को होना है जबकि शादी 20 अप्रैल को तय हुई है। आरोपी तरुण की मां सुषमा सिंह लोधी वार्ड संख्या 28 से पार्षद हैं। वह निर्दलीय पार्षद चयनित हुई थी लेकिन बाद वह भाजपा में शामिल हो गईं।

