दुर्लभ Horned Owl चाइनीज मांझे का बना शिकार, खंडवा में वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
Sunday, Sep 06, 2026-03:05 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): खंडवा के रामनगर स्थित शिवराज मल्टी में रविवार सुबह एक दुर्लभ प्रजाति का उल्लू घायल अवस्था में मिलने से लोगों में कौतूहल मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल उल्लू का सुरक्षित रेस्क्यू किया। जांच में सामने आया कि उल्लू चाइनीज मांझे में फंसने के कारण घायल हुआ था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे वनकर्मी उमाशंकर रायकवार उर्फ मलखान को रामनगर स्थित शिवराज मल्टी में एक उल्लू के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उल्लू को सुरक्षित पकड़कर अपने साथ ले गई।
जांच के दौरान पता चला कि उल्लू चाइनीज मांझे में फंस गया था, जिसके कारण उसके पंख और गर्दन में चोट आई है। वन विभाग की टीम ने घायल उल्लू को पशु चिकित्सकों के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां उसका उपचार कराया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उल्लू को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।

हॉर्न्ड आउल के नाम से है पहचान
रेस्क्यू किया गया उल्लू हॉर्न्ड आउल के नाम से जाना जाता है। इसके सिर पर कान जैसे दिखाई देने वाले दो उभरे हुए हिस्से इसकी खास पहचान हैं। हालांकि, ये वास्तविक कान नहीं होते, बल्कि पंखों के विशेष गुच्छे होते हैं।
खतरा महसूस होने पर या पेड़ों के बीच छिपने की स्थिति में यह अपने पंखों को इस तरह उठा लेता है कि इसका शरीर आसपास के वातावरण में आसानी से छिप सके। दुर्लभ प्रजाति के इस उल्लू के रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि पतंग उड़ाने के लिए चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें। चाइनीज मांझा पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है और इससे उनकी जान तक जा सकती है।

