लोकसभा में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की शपथ पर विवाद, विपक्ष ने किया जमकर हंगामा

6/18/2019 9:07:21 AM

भोपाल: सत्रहवीं लोकसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन भोपाल बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा द्वारा शपथ लेने दौरान हंगामा देखने को मिला। साध्वी प्रज्ञा ने जैसे ही शपथ लेना शुरु किया, तभी विपक्ष के सदस्यों ने उनके नाम को लेकर आपत्ति जताई। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने संस्कृत में जैसे ही अपने नाम का उच्चारण किया विपक्ष ने इसका विरोध किया और कहा कि वे सिर्फ अपने नाम का ही उच्चारण करें।



दरअसल, शपथ में उन्होंने संस्कृत में कहा, "मैं साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर स्वामी पूर्णचेतनानंद अवधेशानंद गिरी लोकसभा सदस्य के रूप में..." साध्वी प्रज्ञा अभी शपथ ले ही रही थी कि बीच में कुछ सांसदों ने टोका टोकी शुरु कर दी। इसके बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर रुक गईं।


 

लोकसभा में मौजूद अधिकारियों ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को कहा कि वे अपने पिता का नाम भी लें, इस बीच विपक्षी सदस्य हंगामा करते रहे। विपक्ष ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा ने चुनाव आयोग को जो शपथपत्र दिया है उसमें उनके गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरी का नाम दर्ज नहीं है और नियमों के मुताबिक उनका नाम लेने की अनुमति नहीं है। हालांकि प्रोटेम स्पीकर डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि वे रिकॉर्ड चेक कर रहे हैं और कृप्या शांति बनाए रखें।



साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने जब दूसरी बार शपथ लेना शुरू किया तो एक बार फिर विपक्षी सांसद हंगामा करने लगे। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर बीच में रुक गईं। इसके बाद लोकसभा के अधिकारी सांसदों के रिकॉर्ड से जुड़ी फाइल प्रोटेम स्पीकर डॉ वीरेंद्र कुमार के पास लेकर गए। यहां पर प्रोटेम स्पीकर ने रिकॉर्ड चेक किया। प्रोटेम स्पीकर ने साध्वी प्रज्ञा से चुनाव अधिकारी द्वारा दिया गया जीत का प्रमाण पत्र भी मांगा। इस बीच प्रोटेम स्पीकर बार-बार विपक्षी सांसदों को चुप कराते रहे। आखिरकार तीसरी बार में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर शपथ ले सकीं।



उनके शपथ लेने के बाद कुछ सदस्य शपथ के अंत में भारत माता की जय बोल रहे थे। इस पर आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन ने आपत्ति जताते हुए कहा कि शपथ-पत्र का एक प्रारूप और प्रक्रिया होती है, उसी के अनुसार शपथ ली जानी चाहिए। इस पर पीठासीन वीरेंद्र कुमार ने कहा, सदस्यों से अनुरोध है कि वे शपथ-पत्र का ही वाचन करें। उनकी इस व्यवस्था का यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के अन्य सदस्यों ने मेज थपथपाकर स्वागत किया।

meena

This news is meena