EC के बैन पर साध्वी का बयान, 'मैं चुप बाकी सब बोलेंगे'

5/2/2019 10:58:52 AM

भोपाल: लोकसभा चुनाव की सबसे चर्चित सीट की बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा पर चुनाव आयोग ने तीन दिन का प्रतिबंध लगा दिया। वे अब 3 दिन तक चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगी। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वे राष्ट्र हित में काम करती रहेंगी।
 

चुनाव आयोग के फैसले पर साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि 'मैं चुनाव आयोग के निर्णय का सम्मान करती हूं लेकिन मैं राष्ट्रकार्य अवश्य करती रहूंगी जिससे लोगों में चेतना आ सके। जब उनसे पूछा गया कि अब तीन दिन तक वे बिना प्रचार के जनता तक अपनी बात कैसे पहुंचाएंगी, तो साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि राष्ट्रकार्य करने वालों के लिए जरूरी नहीं कि वे माइक से ही बोलें। उनके अंतरात्मा की आवाज जन-जन तक पहुंची है और वो सब कार्य करेंगे जब मैं नहीं बोलूंगी तब भी। साध्वी ने कहा कि 'तीन दिन मैं चुप रहूंगी लेकिन बाकी सब बोलेंगे।'

 

 

वहीं, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साध्वी प्रज्ञा पर लगे बैन पर कहा कि साध्वी खुद को अकेला ना समझें क्योंकि चुनाव साध्वी प्रज्ञा अकेले नहीं लड़ रही बल्कि बीजेपी और भोपाल की जनता लड़ रही है।इसलिए कोई समस्या नहीं आएगी।' शिवराज ने आगे कहा कि 'प्रचार तो हम कर ही रहे हैं। एक साध्वी प्रज्ञा अकेली थोड़ी ना प्रचार कर रही है। सब कार्यकर्ता लड़ रहे हैं। भोपाल की हजारों हजार जनता लड़ रही है।'
 


जब शिवराज सिंह से साध्वी के विवादित बयान पर पूछा तो उन्होंने कहा कि देखिए मैंने देखा नहीं है। मैं इसमें कुछ नहीं कह सकता, जब तक मेरे पास ना हो तब तक हम कुछ नहीं बोलेंगे। लेकिन चुनाव आयोग का सम्मान करते हैं। बहन प्रज्ञा सिंह भी करती है।

 

बता दें कि, बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने के सवाल पर साध्वी प्रज्ञा ने कहा था, 'ढांचा गिराने का अफसोस क्यों होगा, उस पर तो हम गर्व करते हैं। राम के मंदिर पर अपशिष्ट पदार्थ थे, उन्हें हमने हटा दिया। इससे हमारे देश का स्वाभिमान जागा है और हम भव्य राम मंदिर मनाएंगे'। उन्होंने खुद ये दावा किया है कि वो बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने में शामिल थीं।'



 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR