सतना में 4 लड़कियों ने कॉलेज छात्रा को पीटा, युवक से रिश्ता बनाने का दबाव; VIDEO वायरल कर दी धमकी
Sunday, Sep 13, 2026-06:59 PM (IST)
सतना। मध्यप्रदेश के सतना में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ चार लड़कियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा पर एक युवक से दोस्ती और बातचीत करने का दबाव बनाया जा रहा था। जब उसने ऐसा करने से इनकार किया तो कथित तौर पर चार लड़कियों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर पीटा। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान छात्रा से वीडियो कॉल पर युवक से माफी भी मंगवाई गई। पीड़िता बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। उसने पुलिस को दी शिकायत में पूरी घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया है। छात्रा के मुताबिक घटना 5 अगस्त की है, जब उसकी एक सहेली ने फोन कर उसे सेमरिया चौराहे पर बुलाया था। छात्रा अपने भाई के साथ वहां पहुंची थी। भाई के वापस जाने के बाद सहेली ने किसी रिश्तेदार के घर चलने की बात कही और उसे स्कूटी से नगर वन के सामने स्थित मैदान की ओर ले गई।
मैदान में पहले से मौजूद थीं तीन लड़कियां
पीड़िता का आरोप है कि मैदान में पहुंचने के बाद वहां तीन अन्य लड़कियां पहले से मौजूद थीं। इसके बाद चारों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। छात्रा के अनुसार, इसी दौरान उससे कहा गया कि उसे श्रवण सेन से बातचीत करनी थी और उसके साथ रिश्ता बनाना था। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि युवक उसका खर्च उठाने के लिए तैयार है, फिर उसने बात क्यों नहीं की।
वीडियो कॉल करवाई, माफी मांगने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक मारपीट के दौरान ही चारों लड़कियों ने उसे श्रवण सेन से वीडियो कॉल पर बात करने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि छात्रा से युवक से माफी भी मंगवाई गई। पूरी घटना का वीडियो भी बनाए जाने की बात शिकायत में कही गई है। छात्रा का आरोप है कि घटना के बाद उसे धमकाया गया कि अगर उसने परिवार या पुलिस को इस बारे में बताया तो मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। धमकी के चलते छात्रा काफी समय तक इस घटना को लेकर चुप रही।
वीडियो सामने आने के बाद खुला मामला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसके पिता उसकी मां के इलाज को लेकर परेशान थे। इसी वजह से उसने तत्काल परिवार को कुछ नहीं बताया। लेकिन बाद में कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। वीडियो एक रिश्तेदार तक पहुंचा, जिसके बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद छात्रा ने अपने पिता को पूरी घटना बताई। पिता बेटी को लेकर आरोपी लड़कियों के परिवारवालों से बात करने पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान एक आरोपी के पिता ने भी उन्हें धमकाया और कहा कि शहर में उनके कई लोगों से संबंध हैं तथा कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के पिता उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो, आरोपों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इधर, छात्रा से मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी आरोपों और वीडियो की वास्तविकता को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

