6 मई को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं दीपक जोशी, सत्यनारायण सत्तन बोले- भाजपा को वरिष्ठ नेताओं की हाय खा जाएगी

5/3/2023 7:24:09 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता व पूर्व सीएम कैलाश जोशी के बेटे व पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने सरकारी बंगला खाली कर दिया है। दीपक जोशी ने अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है। सामान को अपने रिश्तेदार के घर शिफ्ट किया है। इसके बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अटकलें तेज हो गई है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन ने दीपक जोशी के पार्टी छोड़ने को लेकर भाजपा पर ही नाराजगी जाहिर की है।

इधर दीपक जोशी के कांग्रेस में जाने की खबर से भाजपा में खलबली मची हुई है। हालांकि नरोत्तम मिश्रा, सीएम शिवराज और वीडी शर्मा ने इस बात को नकारा है और पार्टी में सबकुछ ठीक होने का दावा किया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो दीपक जोशी ने कांग्रेस में जाने का मन बना लिया है और वे 6 मई को भोपाल पहुंचकर कमलनाथ से मुलाकात कर सकते हैं। मंगलवार को दीपक जोशी ने कांग्रेस नेता मुकेश नायक के साथ मुलाकात भी की थी। दीपक जोशी ने कहा था कि पिता की विरासत के लिए कुछ भी कर सकता हूं।

वहीं दीपक जोशी के कांग्रेस में जाने की खबर पर वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन ने अपनी ही पार्टी पर नाराजगी दिखाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के आगे चलकर बुरा हाल होने वाला है। अभी 2 लोगों की बात कर रहे हैं। इसमें असंख्य जीरो लगेंगे। भाजपा को वरिष्ठ नेताओं की हाय खा जाएगी। पार्टी में अनुभवी लोगों को दरकिनार कर दिया गया है और एबीवीपी से आए हुए लोग पार्टी को चला रहे हैं। पार्टी में हर स्तर पर उम्रदराज लोगों की उपेक्षा की जा रही है और पार्टी की यह सोच पार्टी के लिए हानिकारक साबित हो रही है।

meena

This news is Content Writer meena