अचानक कार पलटने से बड़े अधिकारी घायल, सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर को भी आई चोट, कलेक्टर मौके पर पहुंचे
Saturday, Apr 18, 2026-01:13 PM (IST)
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिला प्रशासन में पदस्थ SDM अजय मोडीयाम की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। हादसे के दौरान कार बुरी तरह पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में SDM अजय मोडीयाम, उनका वाहन चालक और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सीधे दुकान में जा घुसी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर भी तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्राथमिक उपचार के बाद कलेक्टर स्वयं अपने वाहन से घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के देवनगर अटल चौक पर हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।

