MP में अचानक बड़े अधिकारी का इस्तीफा, प्रशासनिक गलियारों में मचा हड़कंप

Thursday, Feb 05, 2026-02:28 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश प्रशासनिक गलियारों से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय वन सेवा (IFS) के 2013 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विपिन पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना त्यागपत्र PCCF एवं हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स को सौंप दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, विपिन पटेल ने 4 फरवरी 2026 से सेवा छोड़ने की इच्छा जताई है। वर्तमान में वे जबलपुर प्लानिंग सर्किल में DFO के पद पर पदस्थ थे। उनके इस्तीफे की खबर सामने आते ही वन विभाग में हलचल तेज हो गई है।

विपिन पटेल का प्रशासनिक करियर काफी सक्रिय और प्रभावशाली रहा है। वे इससे पहले रीवा, दमोह, सतना और अनूपपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने वन संरक्षण, प्रशासनिक सुधार और योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।

हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे के निजी कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। सरकार स्तर पर उनके त्यागपत्र पर निर्णय प्रक्रिया जारी है।

IFS जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कैडर के अधिकारी का अचानक इस्तीफा देना प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इस फैसले को लेकर और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News