4 दिन में दूसरी बार तबादला, शहडोल कलेक्टर को भोपाल में मिली अहम जिम्मेदारी, इस वजह से फिर हुआ ट्रांसफर
Tuesday, Jul 28, 2026-08:37 PM (IST)
(भोपाल) : मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार को आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी किए। इसमें कई जिलों के कलेक्टर भी इधर से उधर किए, वहीं कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई। इस आदेश के तहत चार दिन पहले शहडोल कलेक्टर बनाई गई मिशा सिंह को नई जिम्मेदारी दी गई है। मिशा सिंह को भोपाल भेजा गया है। यहां वे अपरआयुक्त, नगरीय विकास एवं आवास विभाग जिम्मेदारी संभालेगी। वहीं उनकी जगह अब पार्थ जायसवाल को शहडोल का नया कलेक्टर बनाया गया है।
मिशा सिंह के तबादले की वजह आई सामने
जानकारी के मुताबिक, आईएएस अधिकारी मिशा सिंह इस समय गर्भवती हैं। 4 दिन पहले ही राज्य सरकार ने उनका तबादला शहडोल किया था, लेकिन शहडोल तबादले के बाद उन्होंने राज्य सरकार से भोपाल या इंदौर में पदस्थापना का अनुरोध किया था। जिसके बाद मंगलवार को संशोधित आदेश जारी किया गया है। अब मिशा सिंह की पोस्टिंग भोपाल की गई है। वहीं अजय कटेसरिया रतलाम कलेक्टर का कार्यभार संभालेंगे।
बता दें कि गर्भवती होने के कारण आईएएस मिशा सिंह ने भोपाल या इंदौर में पदस्थापना का अनुरोध किया था, जिसके चलते शासन ने उनका शहडोल कलेक्टर का आदेश बदलकर उन्हें भोपाल में अहम जिम्मेदारी सौंपी।

