खंडवा में निकली भोले की बारात, सांसद और विधायक भी रहे मौजूद, डीजे पर जमकर झूमे शिव भक्त
Thursday, Feb 27, 2025-12:03 PM (IST)

खंडवा। (मुश्ताक मंसूरी): महादेव की आराधना के महापर्व महाशिवरात्रि पर देश भर के शिव भक्तों में एक अलग ही उत्साह और उमंग देखने को मिली है। भोले बाबा के भक्तों का ऐसा ही नजारा मध्यप्रदेश के खंडवा में भी बुधवार को देखने को मिला। यहां शहर सहित ग्रामीण अंचलों में भी हर कोई शिव भक्ति में रमा नजर आया। यही नहीं इस अवसर पर निमाड़ के कई गांवों में भोले की बारात भी निकाली गई। इस दौरान बारात में शामिल युवा, बच्चे, महिलाएं और बड़े, सभी बारात के साथ चल रहे डीजे वाहनों पर बज रहे भक्ति गीतों पर झूमते भी नजर आए। वहीं इस दौरान कलाकारों द्वारा राग रंग प्रस्तुतियां दी गयीं। इधर इसको लेकर पुलिस प्रशासन की भी चाक चौबंद व्यवस्था रही। बारात के निकलने वाले रूट पर गलियों एवं सड़कों की बेरी केडिंग कर चप्पे चप्पे पर पुलिस जवानों को तैनात किया गया था। खंडवा नगर में महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार शाम भोले की बारात निकाली गयी। हालांकि, शहर के दादाजी मंदिर से निकलने वाली इस बारात पर बीते दो दिनों से संशय बना हुआ था।
इसको लेकर अशोक पालीवाल ने पहले प्रेस कांफ्रेंस कर इससे जुड़े लोगों पर बने प्रकरणों के चलते इस बारात को निकालने से मना कर दिया था। लेकिन फिर उन्होंने बुधवार को दुबारा इस आयोजन को करने को लेकर प्रेस कांफ्रेंस की। हालांकि फिर भी यह बारात तय समय से देरी से निकली। लेकिन इस दौरान युवाओं, महिलाओं और विशेषकर बच्चों का उत्साह अपने चरम पर था। इस दौरान पूरे रास्ते भर 8 डीजे वाहनों पर भक्ति गीत बजाए जा रहे थे। जिस पर जहां बारात में शामिल होने आए कलाकार झूमते दिखाई दिए, तो वहीं बारात में शामिल बड़ी संख्या में बाबा भोलेनाथ के भक्त भी झूमते और नाचते गाते दिखाई दिए ।
सांसद पाटिल और अशोक पालीवाल मिले गले
वहीं देर शाम भोले बाबा की इस बारात में खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक कंचन तनवे भी पहुंचे। इस दौरान अशोक पालीवाल और सांसद के बीच के मनमुटाव की खबरों पर सांसद ने विराम लगा दिया। उन्होंने अशोक पालीवाल से गले मिलने के बाद कहा कि, ना ही पहले कभी कोई दूरियां थीं, और ना आज दूरियां हैं। यह सब मीडिया के लगाए कयास थे। फिर भी यदि कोई दूरी पाले, तो मेरी तरफ से तो मैं कोशिश करता हूं कि, मैं सबको संतुष्ट करने का प्रयास करता हूं।