परिणाम 11 दिसंबर को आने हैं और कांग्रेस अभी से बौखला गई है-शिवराज सिंह

12/5/2018 4:48:14 PM

भोपाल: प्रदेश में ईवीएम और कैबिनेट बैठक को लेकर मचे बवाल पर शिवराज सिंह चौहान ने पहली बार प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस को सभी आरोपों का जवाब दिया है। शिवराज ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि, कांग्रेस ने चुनावों को मजाक बना दिया है। ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों पर शिवराज ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग पर भी भरोसा नहीं है। इसलिए एसे अनर्गल आरोप लगा रही है। 

मीडिया से बात करते हुए शिवराज ने कहा कि, चुनाव परिणाम 11 तारीख को आएगा और कांग्रेस अभी से बौखला गई है। 11 दिसंबर तक हमारी जिम्मेदारी है कि, जनता की कोई समस्या होती है तो उसका समाधान हम आचार संहिता के दायरे में रहकर ढूंढें। हम नीतिगत फैसले नहीं ले सकते लेकिन अफसरों को बुलाकर समस्याओं को देख सकते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने कैबिनेट बैठक के बारे में जो हंगामा मचाया उसकी कोई जरूरत नहीं है। बीजेपी कोई असंवैधानिक कार्य नहीं कर रही है। बार-बार ईवीएम को निशाना बनाने को लेकर शिवराज ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, यह कोई खेल नहीं, लोकतंत्र है। एसे आरोप लगाना चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना है।

शिवराज ने ईवीएम की शिकायतों को लेकर कहा कि, हमें चुनाव आयोग पर पूरा भरोसा है। आज लोग इतने जागरूक हैं वे समझ सकते हैं कि ईवीएम पर कैसे कोई छेड़छाड़ कर सकता है। प्याज व लहसुन के गिरते दाम को लेकर शिवराज ने कहा कि, हम किसान को घाटा नहीं होने देंगे। हम आचार संहिता से बंधे हैं नहीं तो अभी ही घोषणा कर देते। इसके बाद शिवराज ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ आएगी।  

Vikas kumar

This news is Vikas kumar