पूर्व CM शिवराज का बयान- डराने धमकाने और साजिशें रचने का खेल हम नहीं चलने देंगे कमलनाथ जी

1/6/2020 7:01:40 PM

भोपाल (इज़हार हसन खान): पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कमलनाथ सरकार पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ‘मध्यप्रदेश में चुन-चुनकर भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। भोपाल, जबलपुर, इंदौर समेत कई जिलों में BJP कार्यकर्ताओं को डरा-धमकाकर कांग्रेस में शामिल कराने की साजिशें हो रही हैं। अशोकनगर में कांग्रेस के विधायक जसपाल सिंह जज्जी ने चुनाव लड़ने के लिए झूठा जाति प्रमाण पत्र बनवाया था। लेकिन जब BJP का एक कार्यकर्ता इसके सबूत जुटाने लगा तो उस पर झूठा मामला दर्ज कराकर गिरफ्तार करा दिया गया। कमलनाथ जी, हम आपका ये खेल चलने नहीं देंगे। BJP अब सड़कों पर उतरेगी और विरोध करेगी’।


MP को बंगाल बनाना चाहते हैं कमलनाथ…
BJP उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री कमलनाथ मध्यप्रदेश को पश्चिम बंगाल बनाने पर तुले हुए हैं। खुलेआम वसूली हो रही है। प्रदेश में रेत, परिवहन  और  शराब माफिया सक्रिय है। इन सबसे बड़ा है तबादला माफिया। तबादलों के लिए लगातार पैसे दिए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में चारों तरफ लूटपाट मची है। कमलनाथ सरकार ने एक साल में पूरे प्रदेश का सत्यानाश कर दिया’।



कांग्रेस पर लगाया बदले की भावना से काम करने का आरोप...
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि ‘प्रदेश की कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदेश में घुसते ही ट्रक वालों को लूटा जा रहा है। माफियाओं के नाम पर BJP के कार्यकर्ताओं के घर, दुकान तोड़े जा रहे हैं।

सोनिया और राहुल को ये बताना चाहिए कि प्रताड़ित लोग कहां जाएंगे...
शिवराज ने कहा कि ‘पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर जिस तरह से अत्याचार हो रहे हैं। हिन्दू, बौद्ध, पारसी, जैन, ईसाई और सिख प्रताड़ित हो रहे हैं। उनके घर जला दिए जाते हैं, जबरन धर्मांतरण हो रहा है। मैं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि ये लोग भारत के अलावा कहां जायेंगे? उन्होंने कहा कि कांग्रेसी हिंसा फैलाने वालों के साथ खड़े हो रहे हैं, इससे कांग्रेस का घिनौना चेहरा उजागर हो गया है। कांग्रेस जानबूझकर देश को हिंसा की आग में झौंकना चाहती है। लेकिन बीजेपी कांग्रेस को उनके नापाक इरादों में कामयाब नहीं होने देगी।


ग्वालियर महल से 400 साल पुरानी मूर्ती चोरी...
 

Vikas kumar

This news is Vikas kumar