Punjab Kesari MP ads

सीधी कलेक्टर ने आधी रात जन चौपाल लगाई, बोले- कोई रिश्वत मांगे तो बताना, किसी को भी छोड़ूगा नहीं।

Thursday, Apr 09, 2026-10:41 AM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला): सीधी जिले में बुधवार रात करीब 12 बजे कलेक्टर विकास मिश्रा ने जन चौपाल लगाकर प्रशासनिक सक्रियता का प्रदर्शन किया। उन्होंने मौके पर ही जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिन पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जन चौपाल में सीधी कलेक्टर ने कहा- "कोई रिश्वत मांगे तो बताना, किसी को भी छोड़ूगा नहीं।"

"रिश्वत मांगने वालों को बख्शा नहीं जाएगा" 
कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा भ्रष्टाचार या पैसे की मांग की शिकायत मिलती है, तो संबंधित व्यक्ति सीधे उनसे संपर्क करे। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता का कोई भी काम लंबित न रहे और बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पटवारी और आरआई के खिलाफ मिली कई शिकायतें 
जन चौपाल में अमिलिया क्षेत्र के पटवारी और आरआई के खिलाफ कई शिकायतें मिलीं, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें सुधार का एक सप्ताह का मौका दिया जा रहा है, अन्यथा सख्त कार्रवाई कर हटाया जाएगा। इस दौरान सिहावल एसडीएम राजेश शुक्ला और जनपद सीईओ रश्मि पांडे को भी सभी आवेदनों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनता को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश 
नल-जल योजना से संबंधित समस्याओं पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग के इंजीनियर राम प्रजापति को निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में लापरवाही न बरतने और जनता को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। 

महिला बाल विकास अधिकारी को लगाई कड़ी फटकार 
हटवा और पहाड़ी क्षेत्रों में अनाथ बच्चों को योजनाओं का लाभ न मिलने पर महिला बाल विकास अधिकारी अन्नसूइया वाजपेई को कड़ी फटकार लगाई गई। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News