सिन्हा ने 'जिन्ना' को बताया कांग्रेस परिवार का सदस्य, की जमकर तारीफ

4/27/2019 1:01:11 PM

 छिंदवाड़ा: कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने छिंदवाड़ा में एक सभा को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की तारीफ की है। साथ ही उन्होंने जिन्ना को 'कांग्रेस परिवार' का सदस्य बताया है। सिन्हा ने कहा कि, मोहम्मद अली जिन्ना का भी देश की तरक्की और आजादी में बड़ा योगदान है। शत्रुघ्न के इस बयान के बाद कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

 



बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।  कांग्रेस ने उनको पटना साहिब से ही लोकसभा का टिकट दिया है। सिन्हा अभी तक इसी सीट से बीजेपी के सांसद रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा का मुकाबला बीजेपी के रविशंकर प्रसाद से है। छिंदवाड़ा में लोगों को संबोधित करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने शायराना अंदाज में बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, वरना कोई यूं ही बेवफा नहीं होता।

 


 

कांग्रेस में शामिल होते ही मोदी-शाह पर बोला था हमला
शत्रुघ्न सिन्हा बीते कुछ महीनों से बीजेपी से नाराज थे। उनकी नाराजगी तब और बढ़ गई थी जब पार्टी ने पटना साहिब से उनका टिकट काटकर रविशंकर प्रसाद को दे दिया था। टिकट कटने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने आखिरकार बीजेपी से अलग होकर कांग्रेस से जुड़ने का फैसला लिया और रणदीप सुरजेवाला और बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम लिया।

 

suman

This news is suman