पुलिस पर पत्थर बरसाए और दिया इस वारदात को अंजाम

8/29/2018 11:17:27 AM

इंदौर : जिला पुलिस कितनी 'सक्षम' है इसका एक नजारा  बीती रात कनाड़िया क्षेत्र में देखने को मिला। रात करीब ढाई बजे संचार नगर में एक मकान का ताला तोड़ रहे बदमाशों का पुलिस से सामना हो गया। पुलिस कुछ कर पाती इससे पहले चोर पत्थर और फर्शी से हमला कर भाग निकले। हद तो तब हो गई जब कुछ देर बाद इसी कॉलोनी के दो अन्य घरों में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

91 संचार नगर निवासी विनीता पति प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि उन्हें रात दो बजे पड़ोसी सूरज चौहान ने फोन पर सूचना दी कि कुछ बदमाश घर का ताला तोड़ रहे हैं। इसकी सूचना सूरज ने पुलिस को दे दी। आसपास के लोगों के अनुसार सूचना के करीब सात मिनट बाद दो पुलिसकर्मी पहुंच गए थे।
इससे पहले बदमाश मेनगेट और दरवाजे का ताला तोड़ चुके थे। पुलिस को देख बदमाश भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने जवान पर फर्शी और पत्थरों से हमला कर दिया। इससे आरक्षक गंगाराम घायल हो गया। इसके बाद कुछ बदमाश भूरी टेकरी की ओर तो दो बदमाश कॉलोनी की तरफ भाग गए। पता चला कि बदमाश अपने साथ पत्थर लेकर आए थे। विनीता के घर के बाहर वे टॉमी, प्लायर सहित अन्य सामान छोड़कर भाग गए थे।

 

suman

This news is suman