सूरजपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 65 लाख के नशीले पदार्थ जलाकर किए नष्ट, NDPS के 20 मामलों में जब्त ड्रग्स खत्म

Saturday, Feb 21, 2026-12:06 AM (IST)

सूरजपुर: (चंचल सिंह): सूरजपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 65 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया। पुलिस लाइन परिसर में अस्थायी भट्ठी के माध्यम से इन मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।

यह पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज 20 प्रकरणों में जब्त किए गए कुल 101.74 किलोग्राम गांजा, 753 नग गांजा के पौधे, 103 टैबलेट, 778 इंजेक्शन, 98 कफ सिरप और 5,920 कैप्सूल को नष्ट किया गया। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की 23 दिसंबर 2022 की अधिसूचना और छत्तीसगढ़ शासन के 21 नवंबर 2024 के निर्देशों के अनुरूप की गई।

PunjabKesariनष्टीकरण की यह प्रक्रिया डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर की अध्यक्षता में पूरी की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी तथा वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पुलिस सूरजपुर ने युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। भविष्य में भी नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकल्प पुलिस द्वारा दोहराया गया।

इस दौरान रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियादांद, प्रधान आरक्षक आशाराम लकड़ा, आरक्षक सोहेल राजा और उदय सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News