मंदिर गई महिला की करंट लगने से मौत, टूटे बिजली के तार ने ली जान
Monday, Jul 06, 2026-04:24 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): आस्था के साथ मंदिर में पूजा करने पहुंचीं 60 वर्षीय बेटीबाई अहिरवार को क्या पता था कि मंदिर के बाहर उनका सामना मौत से होने वाला है। छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र के हड़ुवा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया।
बताया जा रहा है कि बीती रात आई तेज आंधी के दौरान बिजली का तार टूटकर मंदिर के पास जमीन पर गिर गया था। सुबह जब बेटीबाई अहिरवार पूजा के लिए मंदिर पहुंचीं, तो रास्ते में पड़े उसी तार की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार को हटाने की कोशिश करते ही उन्हें तेज करंट लगा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि आंधी-तूफान के बाद टूटे बिजली के तारों की समय पर निगरानी और मरम्मत क्यों नहीं की जाती। थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ सकती है।

