"यूसीसी के बहाने भाजपा आरएसएस का एजेंडा लागू करना चाहती है, जनता के असली मुद्दों से भाग रही सरकार : उमंग सिंघार"
Tuesday, Jul 21, 2026-01:13 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान): मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक दल ने भाजपा सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) के माध्यम से आरएसएस का एजेंडा आगे बढ़ाने के प्रयासों के विरोध और जनहित के असली मुद्दों से भागने की सरकार की आदत को लेकर विधानसभा परिसर में जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार को "मुर्दों की सरकार" करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों पर पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं के प्रति मुर्दों की तरह सोई हुई है। किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश में घोटालों की परतें खुल रही हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों पर मौन है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल हिंदू-मुस्लिम विवाद, यूसीसी और तथाकथित लव जिहाद जैसे मुद्दों को उछालकर जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और महंगाई जैसे जनहित के विषय सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं।

